Wednesday, June 17, 2026
Newspaper and Magzine


हाथ से हाथ जोड़ो अभियान : प्रियंका हुड्डा के नेतृत्व में भारी संख्या में ग्रामीणों ने कुमारी शैलजा का अभिनंदन किया।

By LALIT SHARMA , in Politics , at May 14, 2023 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : गाँव डाहर जिला पानीपत में कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाये जा रहे हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के अन्तर्गत एक जनसभा का आयोजन किया गया

जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने शिरकत की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर प्रियंका हुड्डा पूर्व प्रदेश प्रवक्ता के नेतृत्व में भारी संख्या में ग्रामीणों ने कुमारी शैलजा का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन बिश्नोई एवं मौजूदा विधायक व पूर्व विधायकों ने भी भाग लिया। कुमारी शैलजा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार कर्नाटक में सभी लोगों ने एकजुट होकर कांग्रेस को विजयी बनाया है उसी प्रकार हरियाणा में भी सभी लोगों का सहयोग जरूरी है।उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की नीतियां लोगों के लिए नागवार साबित हो रही है। कांग्रेस के अभियान हाथ से हाथ जोड़ो में लगातार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री लोगों के पास पहुंच रहे हैं। काफी संख्या में लोग अपने नेताओं को सुनने के लिए कार्यक्रमों में पहुंच रहे हैं। मौजूदा सरकार की नीतियों से सभी लोग परेशान हैं। मौजूदा सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ भी लोगों को नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में आप सभी लोगों को एकजुट होकर आने वाले समय के लिए अपने आपको तैयार करना होगा। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सभी लोगों ने एक साथ हाथ उठाकर कुमारी शैलजा को अपना समर्थन दिया।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका हुड्डा ने लोगों का आभार जताते हुए कहा कि कुमारी शैलजा सभी महिलाओं के लिए रोल मॉडल है। महिलाओं के हित में हर समय तैयार रहती है। प्रियंका हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उन्हें ग्रामीण हल्के की जिम्मेदारी देगी तो वह ईमानदारी से उस जिम्मेदारी को निभाएंगी। कार्यक्रम के दौरान आई हुई महिलाओं ने प्रियंका हुड्डा को आशीर्वाद दिया और कहा कि अगर उन्हें ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से टिकट मिलेगी तो ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं उन्हें जीतने के लिए एड़ी से चोटी का जोर लगा देंगी।

कार्यक्रम में आए पूर्व मंत्री, मौजूदा विधायक व पूर्व विधायकों ने कुमारी शैलजा को मुख्यमंत्री बनाने की बात कही। कार्यक्रम के उपरांत मॉडल टाउन के निजी होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि प्रदेशभर के लोगों को मौजूदा सरकार की नीतियों के बारे में पता है। जनता को पता है कि उनका कितना काम हो रहा है। हर दिन महंगाई की मार आम व्यक्ति झेल रहा है। जब कांग्रेस सरकार थी तो उन्होंने क्रूड ऑयल के दाम बढ़ने के बावजूद पेट्रोल डीजल के दामों में वृद्धि नहीं की व लोगों को महंगाई की मार से बचाया। शिक्षा, चिकित्सा एवं लोगों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं का लाभ पूरी तरह से दिया गया। कर्नाटक में हुई कांग्रेस की जीत से यह साबित हो चुका है किस प्रकार से लोगों का सहयोग मिला है। अगर लोग भाजपा सरकार की नीतियों से तंग ना होते तो तस्वीर कुछ और थी लेकिन मौजूदा समय की स्थिति सबके सामने है। चारों तरफ त्राहि-त्राहि मची हुई है। ऐसे में सभी का फर्ज बनता है कि एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाएं।वही पार्टी में हो रही गुटबाजी को लेकर उनका कहना था इस विषय पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ लोग मंथन कर रहे हैं जल्दी इसमें कोई अच्छा कदम उठाया जाएगा। जब उनसे यह पूछा गया कि आपको लोग मुख्यमंत्री बनाने की बात कर रहे हैं तो क्या कहना आपका इस पर भी कुमारी शैलजा का कहना था कांग्रेस पार्टी के आलाकमान जो जिम्मेदारी देंगे उसे ईमानदारी के साथ वह निभाएंगी।

Comments