पराली का मशीनों के माध्यम से प्रबंधन करने पर किसानों को प्रति एकड़ मिलेगी 1 हजार की प्रोत्साहन राशि :-उपनिदेशक
BOL PANIPAT , 14 सितम्बर। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. वजीर सिंह ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि धान कटाई का सीजन नजदीक आ रहा है, इसलिए पर्यावरण एवं जनहित में किसान पराली में आग न लगाए बल्कि उसका उचित प्रबंधन करना सुनिश्चित करें। हरियाणा सरकार द्वारा पराली का मशीनों के माध्यम से प्रबंधन करने पर प्रति एकड़ 1 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।
उपनिदेशक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि इस वर्ष जो किसान धान के खेत में हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, रिवर्सिबल प्लो, जीरो ड्रिल द्वारा पराली अवशेषों को भूमि में मिक्स करेगा, उसे भी 1 हजार रुपए प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जो किसान मशीनों द्वारा पराली अवशेषों को मिट्टी में मिलाने का कार्य करेंगे, वह किसान प्रत्येक एकड़ में पराली का प्रबंधन करते हुए जीपीएस लोकेशन वाली तस्वीरों का रिकॉर्ड अपने पास रखेंगे। पोर्टल पर पंजीकृत किसानों द्वारा किए गए पराली प्रबंधन के कार्य का सत्यापन ग्राम स्तरीय कमेटी द्वारा किया जाएगा। इसके पश्चात उपायुक्त की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय कमेटी के अनुमोदन के बाद पात्र किसानों को प्रोत्साहन राशि का लाभ दिया जाएगा। किसान विभागीय पोर्टल एग्रीहरियाणा.जीओवी.इन पर 30 नवंबर 2023 तक अपना पंजीकरण करवाए। इस पोर्टल पर पंजीकरण से पहले किसान मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पर पहले से पंजीकृत होना अनिवार्य है।

Comments