Tuesday, April 28, 2026
Newspaper and Magzine


लाल बत्ती चौक व समालखा में फ्लाई ओवर पुल के नीचे आमजन को साइबर क्राइम व इसके बचाव के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 12, 2023 Tags: , , , , ,

पानीपत पुलिस का साइबर क्राइम जागरूकता अभियान लगातार जारी

जागरूकता साइबर अपराध से बचने का सबसे बेहतर उपाय; एएसपी मयंक मिश्रा

BOL PANIPAT : 12 अक्तूबर 2023, हरियाणा पुलिस द्वारा आमजन को साइबर क्राइम से बचाने व जागरूक करने के लिए अक्तूबर माह को साइबर क्राइम जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। पानीपत पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में जिला पुलिस की टीमें प्रतिदिन अलग अलग स्थान पर लोगों को साइबर क्राइम और इससे बचाव की जानकारी देकर जागरूक कर रही है। इसी क्रम में वीरवार को थाना साइबर क्राइम की टीम द्वारा लाल बत्ती चौक पर व समालखा चौकी पुलिस टीम द्वारा समालखा फ्लाई ओवर पुल के नीचे आमजन को साइबर अपराध व इसके बचाव के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी देकर जागरूक किया गया।

जिला में साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी एएसपी मयंक मिश्रा ने कहा कि आधुनिकता के युग में आज हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो गया है। जिससे आमजन को जहां इसका बहुत लाभ हुआ है, वहीं आपराधिक किस्म के लोग इसमें सेंध लगाकर साइबर क्राइम कर आमजन के साथ रोज नित नए तरीके अपनाकर फ्रॉड कर रहे हैं। इन्हें रोकने के लिए हम सबको मिलकर सांझा प्रयास करने होंगे।
उन्होंने बताया कि अंजान व्यक्ति से प्राप्त हुए किसी भी लिंक को ना खोले और किसी भी फोन कॉल, संदेश, ईमेल इत्यादि पर दिए गए प्रलोभन या विश्वास में आकर अपनी कोई भी निजी जानकारी किसी के साथ सांझा ना करें। साइबर ठगों ने ठगी करने के नए-नए रास्ते खोज लिए हैं। जिसके तहत वह आमजन के बैंक खातों से उनकी खून पसीने की कमाई चुटकियों में उड़ा लेते है। इसके लिए वह अलग-अलग माध्यमों का उपयोग करते हैं।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी किसी भी प्रकार से आपका बैंक अकाउंट, एटीएम कार्ड नंबर, क्रेडिट कार्ड नंबर, सीवीवी या मोबाइल ओटीपी पूछने का प्रयास करेंगे परंतु आप उनके साथ अपने बैंक अकाउंट क्रेडिट या डेबिट कार्ड से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी सांझा ना करें।
उन्होंने बताया कि जागरूक व्यक्ति साइबर अपराधियों को आसानी से पहचान सकता है और उनके झांसे में नहीं आता। इसलिए साइबर अपराध के प्रति जागरूक बने और अपने साथियों को भी इसकी जानकारी दें। ताकि वह भी साइबर अपराध का शिकार होने से बच सकें।

साइबर अपराध का शिकार होने पर तुंरत 1930 पर कॉल कर दर्ज करवाए शिकायत

तमाम सावधानियों के बावजूद अगर फिर भी आपके साथ ठगी हो जाती है तो तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर पोर्टल बेवसाइट www.cybercrime.gov.in पर तुरंत अपनी शिकायत दर्ज करवाएं, इसके अलावा साइबर अपराध थाना या नजदीक पुलिस स्टेशन में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते है। ताकि समय रहते साइबर फ्रॉड करने वाले अकाउंट को ब्लॉक करवाया जा सके।

Comments