Thursday, June 11, 2026
Newspaper and Magzine


बड़े उत्साह और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया 76वां गणतंत्र दिवस. 

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at January 26, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आई. बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कॉप्स (NCC) और यूथ रेड क्रॉस द्वारा 76वां गणतंत्र दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। कॉलेज परिसर को तिरंगे से सजाया गया था, जो माहौल को और भी खास बना रहा था।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:00 बजे हुई, जब कॉलेज गवर्निंग बॉडी के सदस्य एल.ऐन. मिगलानी, युधिष्टिर मिगलानी, रवि गोसाई, रमेश नागपाल, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शशिप्रभा, उपप्राचार्य डॉ. किरण मदन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। झंडारोहण के बाद पूरा परिसर राष्ट्रगान “जन गण मन” की धुन से गूंज उठा। झंडारोहण समारोह के दौरान उपस्थित सभी विद्यार्थी एवं शिक्षक गर्व और सम्मान से तिरंगे की ओर निहार रहे थे। लगभग 200 छात्र-छात्राओं और स्टाफ सदस्यों ने इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनकर इसे यादगार बनाया। कॉलेज की गवर्निंग बॉडी के सचिव एल.एन. मिगलानी ने कहा, गणतंत्र दिवस हमारे लोकतंत्र की नींव और संविधान के प्रति सम्मान प्रकट करने का एक अनूठा अवसर है। मैं हमारे छात्रों को प्रेरित करता हूं कि वे संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात करें और देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।”

प्राचार्य डॉ. शशिप्रभा मलिक ने छात्रों और स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा, “आज का दिन हमें याद दिलाता है कि हमारा संविधान न केवल हमारे अधिकारों की सुरक्षा करता है, बल्कि हमारे कर्तव्यों को भी रेखांकित करता है। युवा पीढ़ी को इन मूल्यों को अपनाकर अपने समाज और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना चाहिए।” कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए, शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. राजेश ने कहा, “गणतंत्र दिवस हमें अपने संविधान और इसके आदर्शों की याद दिलाता है। खेल और शारीरिक शिक्षा के माध्यम से भी हम छात्रों में देशभक्ति, अनुशासन और सेवा भाव का विकास कर सकते हैं।” यूथ रेड क्रॉस के संयोजक डॉ. जोगेश ने कहा, “यूथ रेड क्रॉस छात्रों को समाज की सेवा करने और मानवीय मूल्यों को अपनाने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हम उन्हें संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।” एनएसएस की प्रोग्राम ऑफिसर खुशबू ने अपने विचार साझा करते हुए कहा, “गणतंत्र दिवस केवल एक दिन नहीं, बल्कि हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर है। एनएसएस के माध्यम से हम छात्रों में सामाजिक चेतना और राष्ट्र सेवा की भावना का संचार करते हैं।” एनसीसी अधिकारी डॉ. नरवीर ने कैडेट्स के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, “एनसीसी छात्रों को अनुशासन और देशभक्ति का पाठ पढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। आज का दिन हमें हमारे सैनिकों के बलिदान की याद दिलाता है, जो हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।” इसके बाद सभी उपस्थित लोगों के बीच लड्डू वितरित किए गए, जिसने आयोजन के समापन को और भी मधुर बना दिया।

Comments