जिला रोजगार कार्यालय पानीपत में व्यावसायिक मार्गदर्शन हेतु करियर वार्ता का आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT, 27 जनवरी। रोजगार विभाग, हरियाणा द्वारा प्रदेश भर में 31 जनवरी 2025 तक व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह मनाया जा रहा है। जिसके तहत जिला रोजगार कार्यालय पानीपत में व्यावसायिक मार्गदर्शन हेतु करियर वार्ता का आयोजन किया गया।
जिला रोजगार अधिकारी डॉ. ऋतु चहल ने प्रार्थियो को करियर लक्ष्य बनाने, उन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कार्य योजना बनाने और उच्च अंक प्राप्त करने के लिए अध्ययन की आदतों को सुधारने के लिए मार्गदर्शन किया। इस प्रस्तुति के दौरान प्रार्थियो को अपने भविष्य के लक्ष्यों के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें सही दिशा में आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया गया।
डॉ. ऋतु चहल ने अपने वक्तव्य में कहा कि करियर लक्ष्य निर्धारित करना प्रत्येक प्रार्थी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सही करियर चुनने के लिए आवश्यक है कि प्रार्थी अपनी रुचियों, क्षमताओं और अवसरों का सही मूल्यांकन करें। इसके लिए उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण टिप्स भी साझा किए जिससे प्रार्थी अपने करियर के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित कर सकें।
कार्य योजना बनाने के महत्व पर जोर देते हुए, डॉ. ऋतु चहल ने बताया कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक ठोस और सुसंगत योजना का होना अनिवार्य है। उन्होंने छात्रों को बताया कि कैसे वे अपने लक्ष्य को छोटे-छोटे चरणों में विभाजित कर सकते हैं और समयबद्ध तरीके से उन्हें पूरा कर सकते हैं। साथ ही, उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे कठिनाइयों से घबराएं नहीं और सदा सकारात्मक दृष्टिकोण रखें। इसी परिपेक्ष्य में सचिवालय के द्वितीय तल के सभागार में प्लेसमेंट ड्राइव का भी आयोजन किया गया। जिसमे भारतीय जीवन बीमा निगम कंपनी द्वारा बेरोजगार प्रार्थियो का माननीय प्रधान मंत्री श्री नरेंदर मोदी जी द्वारा शुरू की गई ‘बीमा सखी योजना’ के अंतर्गत साक्षात्कार किया। आयोजन में 115 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें से 66 उम्मीदवारों का अग्रिम प्रक्रिया के लिए चयन किया गया। इस अवसर पर सूर्यप्रण ढांडा (विकास अधिकारी), अमित मलिक (विकास अधिकारी) आदि मौजूद रहे।

Comments