रिफाइनरी में आज होगा बड़ा ऑफ – साइट मॉक ड्रिल, जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट: उपायुक्त डॉ वीरेन्द्र कुमार दहिया
-रिफाइनरी में आपदा प्रबंधन अभ्यास
-आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन की तैयारी तेज, रिफाइनरी में संयुक्त मॉक एक्सरसाइज
-रिफाइनरी क्षेत्र में आपात स्थिति से निपटने की रिहर्सल, कई विभाग लेंगे हिस्सा
BOL PANIPAT , 16 मार्च। जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से 17 मार्च को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) रिफाइनरी, पानीपत में संयुक्त ऑफ-साइट डिजास्टर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह मॉक ड्रिल सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य रिफाइनरी क्षेत्र में किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच तालमेल और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय पर मौके पर पहुंचकर अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।
मॉक ड्रिल के दौरान तहसीलदार मडलौडा को संपूर्ण अभ्यास का इंसिडेंट कमांडर बनाया गया है, जो बीडीपीओ मडलौडा के साथ मिलकर सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करेंगे। सिविल सर्जन को निर्देश दिए गए हैं कि वे दो मेडिकल अधिकारियों, दो एंबुलेंस और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ सुबह 11 बजे कोको पेट्रोल पंप के पास स्थापित मेडिकल पोस्ट पर पहुंचें।
वहीं, एसएचओ मडलौडा को पर्याप्त पुलिस बल के साथ कोको पेट्रोल पंप से लेकर रेलवे क्रॉसिंग तक रिफाइनरी की सीमा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। फायर स्टेशन अधिकारी को भी घटना स्थल पर दो फायर ब्रिगेड भेजने के निर्देश दिए गए हैं, जो इंसिडेंट कमांडर और रिफाइनरी अधिकारियों के निर्देशानुसार कार्य करेंगी।
उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल से आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित होता है, जिससे जन-धन की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकता है। उपायुक्त डॉ दहिया ने सभी संबंधित विभागों से इस अभ्यास को गंभीरता से लेने और पूरी तैयारी के साथ भाग लेने का आह्वान किया।

Comments