बेटियों की उच्च शिक्षा का सपना होगा साकार. शिक्षा ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी दे रही हरियाणा महिला विकास निगम: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
आर्थिक तंगी नहीं बनेगी पढ़ाई में बाधा, छात्राओं को मिलेगा शिक्षा ऋण पर ब्याज अनुदान
विदेश में पढ़ाई से लेकर शोध तक, हर स्तर की शिक्षा के लिए उपलब्ध है विशेष ऋण सहायता योजना
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम, शिक्षा ऋण पर सरकार दे रही ब्याज सब्सिडी
BOL PANIPAT , 25 जून। बेटियों की उच्च शिक्षा का सपना होगा साकार, शिक्षा ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी दे रही हरियाणा महिला विकास निगम हरियाणा सरकार महिलाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी कड़ी में हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा संचालित शिक्षा ऋण सब्सिडी योजना छात्राओं के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना के तहत उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली महिलाओं और लड़कियों को बैंकों से लिए गए शिक्षा ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज दर की सब्सिडी प्रदान की जाती है, जिससे उच्च शिक्षा का आर्थिक बोझ काफी हद तक कम हो जाता है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतिभाशाली बेटी की पढ़ाई केवल आर्थिक संसाधनों के अभाव में नहीं रुकनी चाहिए। इसी सोच को साकार करने के लिए हरियाणा महिला विकास निगम की यह योजना प्रभावी रूप से लागू की जा रही है, जिससे छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिल रही है।
उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा 1 अप्रैल 2007 से बैंकों के माध्यम से महिलाओं एवं लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए लिए गए शिक्षा ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इस योजना की विशेषता यह है कि इसका लाभ प्राप्त करने के लिए आय अथवा जाति संबंधी कोई शर्त निर्धारित नहीं की गई है। यहां तक कि सरकारी कर्मचारियों की पुत्रियां भी इस योजना का लाभ उठा सकती हैं। उपायुक्त ने कहा कि यह सुविधा देश और विदेश में उच्च शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, डॉक्टोरल तथा पोस्ट-डॉक्टोरल स्तर की पढ़ाई के लिए उपलब्ध है। इससे छात्राओं को अपनी पसंद के क्षेत्र में बेहतर शिक्षा प्राप्त करने और उज्ज्वल भविष्य बनाने का अवसर मिल रहा है।
ध्यान रहे कि जिला प्रबंधक हरियाणा महिला विकास निगम अनुसार इच्छुक महिलाएं एवं छात्राएं योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए हरियाणा महिला विकास निगम, किसान भवन के सामने, बीवर्स कॉलोनी, पानीपत स्थित जिला कार्यालय अथवा दूरभाष नंबर 0180-2656156 पर संपर्क कर सकती हैं। गौरतलब है कि सरकार की यह पहल बेटियों को शिक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे समाज में महिला सशक्तिकरण को और अधिक मजबूती मिलेगी।

Comments