सुरक्षा, पारदर्शिता और अनुशासित व्यवस्था के साथ दोनों सत्रों का हुआ सफल आयोजन : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
सुदृढ़ प्रशासनिक प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न हुई एचटेट-2025 परीक्षा
सुबह लेवल-2 और शाम लेवल-1 की परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न
प्रशासन की व्यवस्थाओं ने जीता अभ्यर्थियों का विश्वास
पुलिस, शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के बेहतर समन्वय से नकल मुक्त वातावरण में सम्पन्न हुई परीक्षा =पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह
BOL PANIPAT , 5 जुलाई। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट-2025) के लेवल-2 (प्रातःकालीन सत्र) तथा लेवल-1 (सायंकालीन सत्र) की परीक्षा रविवार को जिला प्रशासन द्वारा किए गए व्यापक, सुनियोजित एवं प्रभावी प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। पूरे दिन जिला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी परीक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रहे और सभी परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया गया।
परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, उड़नदस्तों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों की तैनाती की गई थी। अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, बिजली, चिकित्सा सहायता, यातायात, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की निर्धारित मानकों के अनुसार गहन जांच की गई तथा प्रत्येक प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया गया। पूरे जिले में परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही और कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
प्रातःकालीन सत्र में आयोजित एचटेट लेवल-2 परीक्षा में जिले में कुल 8,252 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी। इनमें से 6,974 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,278 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
सायंकालीन सत्र में आयोजित एचटेट लेवल-1 परीक्षा में कुल 2,680 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी। इनमें से 2,036 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 644 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
दोनों सत्रों को मिलाकर जिले में कुल 10,932 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई। इनमें से 9,010 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,922 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं नकलमुक्त वातावरण में सम्पन्न हुई।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक अभ्यर्थी को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में परीक्षा उपलब्ध कराना था। इसके लिए सभी विभागों ने आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता से कार्य किया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा किए गए व्यापक प्रबंधों के कारण दोनों सत्रों की परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। उपायुक्त ने परीक्षा कार्य में लगे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, केंद्र अधीक्षकों, पर्यवेक्षकों, पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन के लिए सभी को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीमवर्क, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना से ही इस महत्वपूर्ण परीक्षा का सफल संचालन संभव हो पाया।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के दिशा-निर्देशों का सभी परीक्षा केंद्रों पर शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया गया। परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों, पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के बेहतर समन्वय के कारण दोनों सत्रों की परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। उन्होंने परीक्षा कार्य में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

Comments