Wednesday, August 12, 2026
Newspaper and Magzine


पीआईबी चंडीगढ़ द्वारा झज्जर में सरकारी योजनाओं पर ‘वार्तालाप’ का आयोजन

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 12, 2026 Tags: , , , ,

सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में ‘वार्तालाप’ महत्वपूर्ण माध्यम: उपायुक्त वर्षा खांगवाल

योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एकजुटता और सकारात्मक दृष्टिकोण जरूरी: एडीसी जग निवास

मीडिया सरकारी योजनाओं व स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में निभाए महत्वपूर्ण भूमिका: एसडीएम रवि मीणा

2017 से अब तक करीब 35 हजार लाभार्थियों ने उठाया प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ

BOL PANIPAT : झज्जर/चंडीगढ़, 12 अगस्त। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), चंडीगढ़ द्वारा बुधवार को झज्जर में केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं पर मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाना तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ झज्जर की उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त जग निवास, एसडीएम रवि मीणा, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी नेहा दहिया, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एसडीओ जगजीत सिंह सांगवान, वन विभाग से आशीष कादियान, पीआईबी चंडीगढ़ के मीडिया एवं संचार अधिकारी अहमद खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने कहा कि ‘वार्तालाप’ भारत सरकार, राज्य सरकार, जिला प्रशासन और मीडिया के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जमीनी स्तर पर लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके।

उन्होंने जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी को मजबूत करने में मीडिया, विशेषकर सोशल मीडिया, की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया दूरदराज के क्षेत्रों के मुद्दों को सामने लाने और सूचनाओं को तेजी से साझा करने का प्रभावी माध्यम है, लेकिन फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं से समाज में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। इसलिए किसी भी सूचना को प्रसारित करने से पहले उसके प्रामाणिक एवं विश्वसनीय स्रोत से सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

उपायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’, ‘देश के नाम संदेश’ और ‘वंदे मातरम् अभियान’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों को कवर करने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ वैन भी चलाई जा रही है। उन्होंने ‘वार्तालाप’ के आयोजन के लिए पीआईबी चंडीगढ़ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम केंद्र एवं राज्य के सूचना तंत्र तथा मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायक हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त जग निवास ने कहा कि सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एकजुटता और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि वे जनहितकारी योजनाओं की सही एवं सकारात्मक जानकारी जनता तक पहुंचाएं और लोगों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष लाने में भी सहयोग करें, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

ग्रामीण विकास एवं महिला सशक्तिकरण के संबंध में एसडीएम रवि मीणा ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उनकी मांग बढ़ाने में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि एसएचजी उत्पादों को व्यापक पहचान मिलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज के कमजोर एवं आर्थिक रूप से वंचित वर्गों तक पहुंचाना जरूरी है।

पीआईबी चंडीगढ़ के मीडिया एवं संचार अधिकारी अहमद खान ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत विभिन्न संगठनों, जैसे पीआईबी, केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), प्रेस रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया (पीआरजीआई), प्रसार भारती, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी), प्रकाशन विभाग और फैक्ट चैक इकाई की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ‘वार्तालाप’ सरकारी योजनाओं एवं पहलों से संबंधित जानकारी के प्रभावी प्रसार और बेहतर संवाद का महत्वपूर्ण मंच है।

उन्होंने पीआईबी की अनुसंधान इकाई के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि पीआईबी की वेबसाइट पर उपलब्ध विश्लेषण एवं आंकड़ों के माध्यम से विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत और प्रमाणिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है, जिसका उपयोग पत्रकार अपने समाचार एवं लेखों में कर सकते हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी नेहा दहिया ने महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ‘आपकी बेटी हमारी बेटी योजना’, ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’ और ‘मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना’ सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक झज्जर जिले में करीब 35 हजार लाभार्थी प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं से महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाने में मदद मिली है।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एसडीओ जगजीत सिंह सांगवान ने किसानों के कल्याण और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पीएमकेएसवाई), ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’, ड्रिप सिंचाई, पीएम-किसान सम्मान निधि योजना और जैविक खेती जैसी पहलों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि कम पानी की खपत वाली फसलों को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जा रही है।

वन विभाग से आशीष कादियान ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित पहलों, विशेषकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और जैव विविधता संरक्षण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झज्जर जिले में स्थित भिंडावास वन्यजीव अभयारण्य अंतरराष्ट्रीय महत्व की आर्द्रभूमि के रूप में रामसर साइट के तौर पर मान्यता प्राप्त है। उन्होंने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिले में इस वर्ष तीन लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें जिले के लोग बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।

डीआईपीआरओ झज्जर दिनेश कुमार ने जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए मीडिया प्रतिनिधियों से सूचनाओं को सकारात्मक, संतुलित और जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जनहितकारी गतिविधियों को भी प्रमुखता से सामने लाया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में पीआईबी चंडीगढ़ के मीडिया एवं संचार अधिकारी अहमद खान ने उपायुक्त, जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का सक्रिय सहभागिता और महत्वपूर्ण सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया।

Comments


Leave a Reply