महिला से मोबाइल स्नेचिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल व वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
BOL PANIPAT,17 सितंबर : थाना चांदनी बाग पुलिस ने सनौली रोड पर महिला से मोबाइल स्नेच करने के आरोपी को बुधवार शाम को सेक्टर-25 में सज्जन चौक के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान कालखां निवासी नरेंद्र के रूप में हुई है।

थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर किरण ने बताया कि उनकी टीम को बुधवार शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक एचएफ डिलक्स बाइक पर सवार होकर सेक्टर-25 में सज्जन चौक के पास किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू कर पूछताछ की। युवक ने अपनी पहचान नरेंद्र पुत्र अमर सिंह निवासी कालखां के रूप में बताई।
सख्ती के पूछताछ करने पर आरोपी ने बीते 13 सितंबर की देर शाम उक्त बाइक पर सवार होकर सनौली रोड़ पर पैदल जा रही एक महिला से फोन स्चेचिंग करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। मोबाइल स्नेचिंग की उक्त वारदात बारे थाना चांदनी बाग में प्रियंका निवासी गंगापुरी रोड की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
प्रभारी इंस्पेक्टर किरण ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह नशा करने का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो उसने मोबाइल स्नेचिंग की उक्त वारदात को अंजाम दिया। आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ वह स्नेच किए मोबाइल को बेचने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र के कब्जे से स्नेच किया मोबाइल व वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर वीरवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।

Comments