पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम ने काबड़ी गांव के सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को व डोर टू डोर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव बताए व ‘मानस हेल्पलाइन नंबर 1933’ की दी जानकारी
BOL PANIPAT , 28 सितंबर । पानीपत पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम द्वारा सोमवार को गांव काबड़ी के सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को व डोर टू डोर ग्रामीणो को नशे के गंभीर दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर नशे के खिलाफ जागरूक किया गया।
इस दौरान पुलिस टीम द्वारा नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को समझाया कि किशोरावस्था और युवावस्था जीवन का सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं भविष्य को सीधे तौर पर प्रभावित करती है, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर भी अत्यधिक प्रतिकूल और विनाशकारी प्रभाव डालती है।
विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए समझाया गया कि स्वयं नशे से पूरी तरह दूर रहें, साथ ही अपने मित्रों, परिजनों और आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए आगे आएं और समाज में एक सच्चे प्रहरी की भूमिका निभाएं।
पुलिस टीम द्वारा इस दौरान ‘मानस हेल्पलाइन नंबर 1933’ के बारे में भी सभी को विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति या परिवार को नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श या उचित उपचार की आवश्यकता होती है, तो वे बिना किसी झिझक के इस राष्ट्रीय मानस हेल्पलाइन की मदद ले सकते हैं।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलकूद, शिक्षा व अन्य रचनात्मक व सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा जीवन में कभी भी नशे की तरफ कदम न बढ़ाने का संकल्प दिलाया। इसी के साथ पुलिस टीम ने डोर टू डोर जाकर ग्रामीणो को नशे के गंभीर दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर नशे के खिलाफ जागरूक कर इस मुहिम से जुड़ने की अपील की गई।
अभियान के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार कहा कि पानीपत पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम स्कूलों, कॉलेजों व शिक्षण संस्थानों में जागरूक्ता कार्यक्रम आयोजित करने के साथ ही गांव और कॉलोनियों में जाकर ‘डोर-टू-डोर’ अभियान के माध्यम से आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक कर रही हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे के खात्मे के लिए समाज के सभी लोगों आगे आकर इस मुहिम से जुड़े। यदि उनके आसपास कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है, कोई व्यक्ति नशे का कारोबार कर रहा है अथवा किसी व्यक्ति को नशे की लत है, तो इसकी सूचना तुरंत जिला पुलिस या नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्ण रूप से गुप्त रखी जाएगी।

Comments