ग्राम विकास में केंद्र व राज्य सरकारों ने किए अभूतपूर्व सुधारात्मक कार्य : डॉ. चौहान
पट्टी कल्याणा और नोलथा की ग्राम सभाओं में रिफॉर्म उत्सव के तहत योजनाओं और कार्यक्रमों की दी जानकारी
BOL PANIPAT । हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा भाजपा शासित राज्य सरकारों ने ग्राम विकास के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण एवं सुधारात्मक कार्य किए हैं। इन प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है तथा ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है।
डॉ. चौहान जिले के पट्टी कल्याणा और नोलथा गांवों में आयोजित ग्राम सभाओं में रिफॉर्म उत्सव के संदर्भ में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा ग्रामीण लोकतंत्र की आधारभूत संस्था है और गांव के विकास की प्राथमिकताएं तय करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
डॉ. चौहान ने कहा कि 2014 से लेकर अब तक ग्रामीण अंचल में पहले की तुलना में बेहतर पेयजल व्यवस्था, 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति, बेहतर गलियों एवं जल निकासी की व्यवस्था तथा विद्यालयों और अस्पतालों की स्थिति में हुआ सुधार वर्तमान सरकार की ग्राम विकास के प्रति गंभीरता के मुंह बोलते प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं में आने वाले सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप वर्तमान सरकार व्यवस्था में निरंतर सुधार कर रही है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाते हुए सर्वोत्कृष्ट विकसित गांवों का निर्माण करना है। इस दिशा में सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
पट्टी कल्याणा की ग्राम सभा में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी शक्ति सिंह की अगुवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामवासियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के विषय में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, लाभ लेने की प्रक्रिया तथा ग्रामीणों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी साझा की।
ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रश्न एवं सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे। संबंधित अधिकारियों ने ग्रामीणों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर चुलकाना के सरपंच सतीश छौकर, पट्टी कल्याणा के सरपंच मुकेश पहलवान, पांच सल्लितम, विक्रम, विनोद, मंगलसेन, सुरेश, धर्मबीर, मांगेराम, सुमन, सुभाष ओर अन्य उपस्थित रहे।

Comments