तीन सगे भाइयों से मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाने के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 04 अक्तूबर। थाना चांदनी बाग पुलिस ने कृष्णा गार्डन कॉलोनी में कॉलोनी निवासी तीन सगे भाइयों से मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाने के मामले में शनिवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान शुभम निवासी नोहरा तथा तसलीम उर्फ मुन्ना निवासी सहारनपुर यूपी हाल किरायेदार कृष्णा गार्डन कॉलोनी के रूप में हुई है।
थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर किरण ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो साथी आरोपियों हरिसिंह कॉलोनी नूरवाला निवासी प्रद्युमन व पवन तथा नामजद फरार आरोपी दिनेश के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे की पाइप तथा डंडे से जुड़ी दो चकरियां बरामद कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
इस मामले में पुलिस पहले आरोपी प्रद्युमन व पवन को गिरफ्तार कर चुकी दोनों आरोपियों के कब्जे से भी वारदात में प्रयुक्त डंडे से जुड़ी चकरी बरामद की गई थी। पूछताछ में आरोपी पवन ने पुलिस को बताया था कि उसने तथा मामले में नामजद फरार आरोपी दिनेश ने मिलकर रंजिशन साजिश रचकर अपने साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम दिया।
यह है मामला
थाना चांदनी बाग में कुंदन पुत्र रमेश निवासी कृष्णा गार्डन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 10 सितंबर की सुबह उसकी पत्नी का पड़ोसी दिनेश के साथ झगड़ा हो गया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।
उसी दिन शाम करीब 8 बजे आठ-दस अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर और उसके भाई सत्यम व रवि पर हमला कर दिया तथा लाठी-डंडों, चकरी व सूए से चोटें मारीं। शिकायत में कुंदन ने बताया था कि उसे शक है कि दिनेश चाय वाले ने सुबह हुई रंजिश को लेकर उन पर हमला करवाया है।
इस दौरान उसके 20 हजार रुपए व मोबाइल फोन भी गिर गए। आरोपियों ने घर के बाहर रखी मशीन को भी तोड़ दिया। थाना चांदनी बाग में कुंदन की शिकायत पर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच तथा आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments