लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, निरंकारी संत समागम की तैयारियों की समीक्षा
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस
6 अक्टूबर से 5 नवंबर तक भोड़वाल माजरी स्टेशन पर रुकेंगी पानीपत से गुजरने वाली सभी ट्रेनें
समागम को दिव्य, भव्य और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विभागों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश
25 अक्टूबर को मुख्य मंत्री नायब सिंह और 23 को पंजाब गवर्नर ज्ञानचंद कटारिया रहेंगे उपस्थित
BOL PANIPAT , 5 अक्टूबर। समालखा स्थित संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले वार्षिक निरंकारी संत समागम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इस समागम में प्रशासन सहयोगी के रूप में कार्य करेगा। समागम में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सोमवार को जिला सचिवालय में जिला प्रशासन और संत निरंकारी मिशन के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने की। बैठक में समागम के दौरान श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने, यातायात, परिवहन, रेलवे, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, अग्निशमन तथा सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्व को जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आध्यात्मिक आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचेंगे, इसलिए प्रशासन का दायित्व है कि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला प्रशासन का पूरा प्रयास रहेगा कि निरंकारी संत समागम में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और बेहतर वातावरण उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि समागम की सफलता के लिए मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पोर्टेबल टॉयलेट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन और निरंकारी मिशन मिलकर ऐसी व्यवस्था तैयार करें, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रहे और किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने यातायात एवं परिवहन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि समागम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए यातायात प्रबंधन पहले से मजबूत किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जाए और जहां भी किसी प्रकार की कमी नजर आए, उसे तत्काल दूर किया जाए।
पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण ने कहा कि समागम के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था की जाएगी। समागम स्थल के आसपास, जीटी रोड तथा भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन पर पुलिस पोस्ट स्थापित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन निरंकारी मिशन के पदाधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखेगा और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
रेलवे सुपरिंटेंडेंट मनीष शर्मा ने बताया कि 6 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पानीपत से गुजरने वाली सभी ट्रेनों का भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज होगा। उन्होंने कहा कि रेलवे की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। समागम के दौरान 25 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह तथा 23 अक्टूबर को पंजाब के राज्यपाल ज्ञान चंद कटारिया के पहुंचने का कार्यक्रम है। इसे देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया जाएगा।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि समागम के दौरान आपातकालीन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन, ड्राइवर और फायरमैन उपलब्ध रहेंगे। अस्पतालों में आईसीयू बेड, सामान्य बेड, डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ तथा आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से एंबुलेंस सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। उपायुक्त ने सिविल सर्जन को समागम के दौरान पर्याप्त चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
समागम स्थल पर बिजली आपूर्ति को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। निगम आयुक्त डॉ पंकज ने नगर परिषद को सफाई एवं सैनिटेशन व्यवस्था को बेहतर रखने के निर्देश दिए। नगर परिषद की ओर से फॉगिंग मशीन, नेपकिन मशीन, फिनाइल, ब्लीचिंग पाउडर, कूड़ेदान, झाड़ू आदि की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए फल-सब्जी सहित आवश्यक सामग्री की आपूर्ति व्यवस्था को भी सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। भक्ति निवास तक गंदे पानी के निस्तारण के लिए सिंचाई विभाग से आवश्यक अनुमति लेने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सभी विभाग समागम की तैयारियों को केवल औपचारिकता के रूप में न लेते हुए पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि समागम के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू आवाजाही प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी तालमेल से कार्य करते हुए निर्धारित समय में अपनी तैयारियां पूरी करें। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में तैयारियों की दोबारा समीक्षा की जाएगी, ताकि शेष कार्यों को समय रहते पूरा किया जा सके और निरंकारी संत समागम का आयोजन दिव्य, भव्य, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। इस मौके पर विभिन्न विभागों के ऊंच अधिकारी मौजूद रहे।

Comments