Friday, June 5, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ‘नारी करे स्वच्छता की अगुआई’ विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at March 12, 2026 Tags: , , , ,

नगर निगम पानीपत और जेबीएम के संयुक्त तत्वाधान में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम   

स्वच्छ भारत मिशन में महिलाओं की अग्रणी भूमिका को रेखांकित करना ऐसे आयोजनों का उद्देश्य: अजीत तिवारी

महिलाओं के नेतृत्व से स्वच्छ, स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण संभव: डॉ अनुपम अरोड़ा  

BOL PANIPAT , 12 मार्च, एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस-2026 के अवसर पर   स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ‘नारी करे स्वच्छता की अगुआई’ विषय पर 8 से 14 मार्च तक चले कार्यक्रमों के अंतर्गत नगर निगम पानीपत और जेबीएम के संयुक्त तत्वाधान में कचरा प्रबंधन पर कॉलेज की 50 छात्राओं को जागरूक और व्यवहारिक ज्ञान से लबरेज किया गया । कार्यक्रम में नगर निगम पानीपत से हिमांशु बावा डिप्टी मैनेजर और सोनीपत से अजीत तिवारी डिप्टी मैनेजर ने अपने अनुभव से छात्राओं का मार्गदर्शन किया और स्वच्छ भारत मिशन में महिलाओं की अग्रणी भूमिका को रेखांकित कर उनके ज्ञान में वृद्धि की । वक्ताओं का स्वागत प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा और कार्यक्रम की संयोजिका डॉ मोनिका खुराना ने पौधा-रोपित गमलें भेंट करके किया । कार्यक्रम में 50 छात्राओं ने भाग लिया और वक्ताओं से अनेक सवाल पूछकर अपने दायित्वों के बोध का परिचय दिया ।       

अजीत तिवारी डिप्टी मैनेजर ने कहा कि ‘नारी करे स्वच्छता की अगुआई’ एक सशक्त संदेश है जो स्वच्छ भारत मिशन में महिलाओं की अग्रणी भूमिका को रेखांकित करता है । महिलाएं घरों से लेकर समुदायों, कचरा प्रबंधन, स्वच्छता जागरूकता और शहरी स्वच्छता के जन-आंदोलन का नेतृत्व करती रही हैं जो न केवल हमारे स्वास्थ्य में सुधार करता है बल्कि महिलाओं को सशक्त भी बनाता है । स्वच्छता में नारी शक्ति का बहुत बड़ा योगदान है । जागरूकता फैलाने के साथ-साथ महिलाएं सहायता समूहों और व्यक्तिगत प्रयासों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता की आदतें बाँट रही हैं । महिलाएं कचरा प्रबंधन (गीले और सूखे कचरे का अलगाव), ‘वेस्ट-टू-कंपोस्ट’ और स्वच्छता सेवाओं की निगरानी में भी प्रमुख भूमिका निभा रही हैं । नारी शक्ति के रूप में वे सामुदायिक निर्णय लेने और ब्रांड एंबेसडर के रूप में स्वच्छता अभियानों का नेतृत्व करती रही हैं जिससे हमारे समाज का उत्थान हुआ है । बेहतर स्वच्छता से महिलाओं का स्वास्थ्य सुधर रहा है और शौचालय निर्माण से उनकी सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित हुई है । स्वच्छता अब केवल घर का काम नहीं बल्कि सामाजिक संस्कार का हिस्सा बन रहा है जिसमें महिलाएं सबसे आगे हैं । कचरा प्रबंधन और स्वच्छता अभियान में सरकार ने इसीलिए महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान चलाने का इरादा किया है । नारी ही स्वच्छता की असली प्रेरणा है जो परिवार से लेकर समाज को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है ।

हिमांशु बावा ने कहा कि नगर निगम और नागरिकों के बीच संचार और उनसे जुड़कर स्वच्छता सेवाओं की निगरानी, जागरूकता कार्यक्रम चलाकर और उनकी शिकायतें मिलने पर गुणवत्ता में सुधार कर रहा है । स्वच्छता की दिशा में महिला समूहों द्वारा किए जा रहे सभी प्रयास अनुकरणीय हैं जो स्वच्छ भारत मिशन को नए आयाम पर पहुंचाने वाली वास्तविक नारी शक्ति को दर्शाते हैं ।

डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से स्वच्छता को एक नई दिशा मिली है । नगर निगम पानीपत ने स्वच्छता के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी के माध्यम से समाज को एक नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है । इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वच्छता अभियानों में नेतृत्व प्रदान करने के लिए प्रेरित करना है । जब महिलाएं स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी अपने हाथों में लेती हैं  तो पूरे समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलता है । यह पहल महिलाओं को जागरूकता फैलाने, स्वच्छ आदतों को अपनाने और अपने परिवार व समुदाय को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का अवसर प्रदान करती है । महिलाओं के नेतृत्व से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण संभव है ।

Comments