Wednesday, June 3, 2026
Newspaper and Magzine


रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर को हनी ट्रैप में फसाने वाले गिरोह की महिला एक लाख रुपए लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at March 15, 2026 Tags: , , , , ,

-रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर से मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर मांगे थे 15 लाख रुपए

BOL PANIPAT , 15 मार्च : रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर को हनी ट्रैप में फंसाकर घर पर बहाने से बुला पानी में नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी वीडियो बनाकर दुष्कर्म के केस का भय दिखा जबरन वसूली करने के गिरोह की एक महिला आरोपी को थाना समालखा पुलिस टीम ने एक लाख रुपए लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान समालखा चुलकाना रोड निवासी मनीषा के रूप में हुई है।

समालखा थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर गुलशन ने बताया की पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शनिवार 14 मार्च को गन्नौर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत देकर बताया था वह पुलिस विभाग से सब इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत हैं। सोनीपत के गन्नौर के गांव आहुलाना निवासी रणबीर के साथ उसकी काफी समय से जान पहचान है। रणबीर ने उसको करीब एक साल पहले गन्नौर निवासी सतबीर से मिलवाकर बताया था सतबीर उसका जीजा है। बाद में सतबीर के साथ भी उसका मेल जोल बढ़ गया था। फरवरी 2026 में रणबीर ने उसको अपनी जानकार समालखा चुलकाना रोड निवासी मनीषा नाम की एक महिला से मिलवाया और कहा उसका पति शराब पीकर महिला के साथ मारपीट करता है। मारपीट से महिला काफी परेशान है। महिला ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। 10 मार्च को मनीषा की उसके पास कॉल आई और बताया उसका पति मारपीट कर उसको घर से निकल रहा है। महिला ने पति को समझाने के लिए उसको अपने घर पर बुलाया। वह घर गया तो महिला अकेली मिली। उसने पति के बारे में पूछा तो बताया वह ठेके पर शराब लेने गया है। महिला उसके लिए रसोई से पानी लेकर आई। उसने पानी पिया तभी सिर भारी होने लगा और दिमाग काम नहीं कर रहा था। महिला हाथ पकड़कर उसको कमरे में ले गई और अपनी मर्जी से नाजायज संबंध बनाएं। महिला ने इसकी छुपके से वीडियो बनाकर सतबीर व रणबीर के पास भेज दी। सतबीर ने 11 मार्च को उसकी पत्नी के पास फोन कर कहा उसके पति ने मनीषा नाम की एक महिला के साथ गलत काम किया है। महिला थाने में शिकायत देने के लिए जा रही है, अगर कहो तो वह इसको रुकवा देगा। इसके लिए उसे 8 से 10 लाख रुपए देने होंगे। पत्नी ने सतबीर से कहा वह हार्ट की मरीज है, अभी उसका ऑपरेशन हुआ है आप बेटे से बात कर लें। सतबीर ने बेटे से फोन पर बात कर इसके लिए 15 लाख की डिमांड की। बेटे ने कहा अंकल अभी उसके पास पैसे नहीं हैं, सारे पैसे मां के इलाज पर खर्च हो गए हैं। पैसों का इंतजाम करने के लिए उसे थोड़ा समय चाहिए। बाद में रणबीर ने उसके पास फोन कर पैसों की डिमांड की और गाली गलौज करते हुए कहने लगा जल्दी पैसे दे दो नहीं तो उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवा देगा।
इसके बाद महिला ने उसके पास फोन कर कहा रणबीर व सतबीर को पैसे देने की जरूरत नहीं है वह उसको ही पैसे दें। वह एफआईआर दर्ज नहीं कराएगी। बार- बार फोन कर तीनों आरोपी झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर पैसे देने का दबाव बना रहे हैं। पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार शिकायत जांच के लिए समालखा थाना में भेजी गई। शिकायत की जांच पश्चात समालखा थाना में व्यक्ति की शिकायत पर बीएनएस की धारा 308(6), 3(5) के तहत अभियोग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर गुलशन ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति के पास महिला मनीषा बार-बार कॉल कर पैसे देने का दबाव बना रही थी। शनिवार को एक लाख रुपए देने का दबाव बनाया। पुलिस ने मनीषा को रंगे हाथ काबू करने के लिए सब इंस्पेक्टर प्रदीप के नेतृत्व में महिला सब इंस्पेक्टर सरिता और हवलदार अमित को शामिल कर एक टीम गठित की। पीड़ित व्यक्ति एक लाख रुपए लेकर शनिवार देर शाम को समालखा फ्लाईओवर पूल की नीचे अड्डे पर पहुचा। मनीषा यहां से उसे ई-रिक्शा पर अनाज मंडी में ले गई। अनाज मंडी में मनीषा ने जैसे ही पीड़ित से वसूली के एक लाख रुपए लिए तो पुलिस टीम ने उसे रंगे हाथ काबू कर लिया।

प्रभारी सब सेक्टर गुलशन ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी मनीषा के पास से जबरन वसूली के एक लाख रुपए बरामद कर रविवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments