तसव्वर की पीटकर व चाकू से गोदकर हत्या मामले में फरार और दो आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT: 11 अक्तूबर 2023, थाना बापौली पुलिस ने गांव अधमी निवासी तसव्वर 26 की पीटकर व चाकू से गोदकर हत्या मामले में नामजद फरार और दो आरोपियों को मंगलवार देर शाम अंसल गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान अनिल व विकाश निवासी अधमी के रूप में हुई।
थाना बापौली प्रभारी सब इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि थाना बापौली पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी सुनील उर्फ लाखा व कृष्ण उर्फ मनीष लाला को वारदात के अगले दिन ही काबू कर लिया था। पूछताछ में दोनों आरोपियो ने मामले में नामजद साथी आरोपी अनिल पुत्र बिशम्बर व विकाश पुत्र भारत भूषण निवासी अधमी व अन्य साथियों के साथ मिलकर रंजिश के चलते तसव्वर की पीटकर व चाकू घोपकर हत्या करने बारे स्वीकारा था। पुलिस ने आरोपी कृष्ण व सुनील उर्फ लाखा के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू व राड बरामद कर पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हे न्यायिक हिरासत जेल भेजने के बाद फरार आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
सब इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि थाना बापौली पुलिस ने मंगलवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी अनिल व विकाश को पानीपत अंसल के गेट नंबर दो के पास से काबू करने में कामयाबी हासिल की। गहनता से पूछताछ करने व वारदात में प्रयुक्त लाठी डंडे बरामद करने के लिए पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हे एक दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया।
यह है मामला
थाना बापौली में अधमी गांव निवासी सरवर पुत्र नाजिम ने शिकायत देकर बताया था कि 30 सितम्बर की रात वह घर पर सो रहा था। तभी गांव निवासी सन्नी पुत्र सतपाल ने उसे उठाकर बताया की तेरे भाई तसव्वर के साथ अनाज मंडी के बाहर जेसीबी दफ्तर वाले सतीश के साथ झगड़ा हुआ है। तसव्वर को काफी चोट लगी है। उसने मौके पर पहुंचकर देखा भाई तसव्वर सड़क किनारे बेसुध हालत में पड़ा था जिसको काफी चोट लगी थी। वह भाई तसव्वर को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। जहा डाक्टरो ने चेक कर तसव्वर को मृत घोषित कर दिया।
झगड़े बारे पता किया तो शामगढ़ी निवासी आजाद को भी काफी चोट लगी थी।
सरवर ने शिकायत में बताया था कि उसकी कुछ महीने पहले सतीश के भाई लाखा के साथ कहासुनी हो गई थी। सतीश ने अपने दफ्तर में उसे बुलाकर कहा था कि अपने भाई को समझा ले, नही तो उसको जांन से मरवा दूंगा। 29 सितम्बर की रात करीब 9 बजे भाई तसव्वर की गांव निवासी अनिल पुत्र बिशम्बर व विकाश पुत्र भारत भूषण व मनीष लाला के साथ झगड़ा हुआ था। अनिल सतीश की मौसी का लड़का है। अनिल ने सतीश के साथ मिलकर बाइक पर जा रहे तसव्वर व आजाद को अपने दफ्तर के सामने रोकर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। आजाद ने गन्ने के खेत में भागकर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने चोट मार व चाकू से वार कर तसव्वर की हत्या कर दी। शिकायत पर थाना बापौली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments