नशे को समाप्त करने के लिए समाज, परिवार, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संगठनों और युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक: टीनू पोसवाल
नशा मुक्त अभियान को जन आंदोलन बनाने की तैयारी,
जिला में नशे के खिलाफ निर्णायक पहल
सामाजिक संस्थाओं की पहल को जिला प्रशासन का समर्थन,आर्य कॉलेज में मंगलवार को आज होगा कार्यक्रम
BOL PANIPAT , 20 जुलाई। हरियाणा सरकार के नशा मुक्ति हरियाणा अभियान को जिले में जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में सोमवार को जिला सचिवालय स्थित नगराधीश कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। शहर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने नगराधीश टीनू पोसवाल से मुलाकात कर अभियान को प्रभावी ढंग से जमीनी स्तर पर लागू करने का आग्रह किया।
नगराधीश ने प्रतिनिधियों के सुझावों की सराहना करते हुए अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। संस्थाओं की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे एडवोकेट संदीप जिंदल ने नगराधीश को बताया कि इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जन-जन की भागीदारी से जनआंदोलन का रूप दिया जाए, जिससे समाज का प्रत्येक वर्ग नशे के खिलाफ एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने बताया कि इसी को लेकर मंगलवार को आर्य कॉलेज के सभागार में प्रात: 10 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में उपायुक्त डॉक्टर हरीश कुमार वशिष्ठ मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

Comments