Friday, April 24, 2026
Newspaper and Magzine


मुझ पर किए हमले की निष्पक्ष जांच करे प्रशासन: अनिल पांडे

By LALIT SHARMA , in Politics , at June 30, 2024 Tags: , , , ,

-इस हमले से डरूंगा नहीं, बल्कि सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में और मजबूती से कार्य करूंगा: अनिल पांडे

BOL PANIPAT , 30 जून: आम आदमी पार्टी के प्रदेश यूथ सह सचिव अनिल पांडे ने उन पर हुए हमले को लेकर प्रेसवार्ता की। इस दौरान उनके साथ हरियाणा पूर्वांचल कल्याण संघ के प्रधान अमित सिंह, जिला मीडिया प्रभारी दीपक बग्गा, जिला सह सचिव राजीव कंसल, दविंदर बंसल, ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष कृष्ण यादव, पूर्वांचल समाज महामंडलेश्वर श्री श्री श्री 1008 स्वामी शिवाधर दुबे, पूर्वांचल समाज आचार्य पीतांबर पीठाधीश्वर अक्षय मिश्रा और मुकेश पटेल मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि मुझ पर कुछ अराजक तत्वों ने हमला किया। उन्होंने मेरे साथ मारपीट करके कहा कि गाड़ी से अरविंद केजरीवाल की फोटो हटा लो और राजनीति छोड़ दो, नहीं तो तुम्हे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। हमला करने वालों को गाड़ी के नंबर के आधार पर पकड़ लिया गया है। ऐसे लोग समाज के लिए सही नहीं होते। मैं प्रशासन से मांग करता हूं कि इसकी निष्पक्ष जांच की जाए और पता लगाया जाए की वो कौन लोग थे उनको किसने भेजा था।

उन्होंने कहा कि यह हमला मुझ पर नहीं बल्कि पूर्वांचल समाज पर हुआ है। पूर्वांचल समाज इसको सहन नहीं करेगा। इस घटना से मुझ पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। मैं सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में और मजबूती से कार्य करूंगा।

उन्होंने कहा कि प्रशासन जांच करेगा कि वो कौन लोग हैं। लेकिन मेरा किसी से कोई द्वेष नहीं है, मैं केवल समाज की सेवा करना चाहता हूं। आज समाज मेरी ईमानदारी और निडरता के साथ खड़ा है। प्रदेश में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। जिससे विरोधी लोग परेशान हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पूर्वांचल के लोगों का सम्मान करती है। दिल्ली में 50% विधायक मंत्री पूर्वांचल के हैं। इसलिए पानीपत में भी पूर्वांचल समाज के लोग आम आदमी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं।

Comments