Saturday, April 25, 2026
Newspaper and Magzine


जनगणना से संबंधित सभी कार्य पूर्ण सटीकता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at January 9, 2026 Tags: , , , , ,

-हर घर, हर व्यक्ति तक पहुंचेगी जनगणना 2027, प्रशासन पूरी तरह तैयार

-जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

-जनगणना 2027 को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय, तकनीक आधारित गणना पर जोर

-मोबाइल अनुप्रयोग और डिजिटल प्रणाली से होगी जनगणना 2027

BOL PANIPAT , 9 जनवरी। भारत सरकार द्वारा भारत की जनगणना 2027 को स्वीकृति प्रदान किए जाने के उपरांत जिले में इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने जिला सचिवालय स्थित कार्यालय में शुक्रवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनगणना कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

    उपायुक्त डॉ. दहिया ने बताया कि देश की जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण गृह सूचीकरण एवं आवास जनगणना अप्रैल से सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी, जबकि द्वितीय चरण जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में कराई जाएगी। इस बार की जनगणना पूरी तरह तकनीक आधारित होगी, जिसमें मोबाइल अनुप्रयोग, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली पोर्टल तथा अन्य डिजिटल माध्यमों का व्यापक उपयोग किया जाएगा।

    उपायुक्त डॉ. दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित सभी कार्य पूर्ण सटीकता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। गणनाकर्ता एवं पर्यवेक्षक मोबाइल उपकरणों के माध्यम से आंकड़े एकत्र करेंगे, जिससे आंकड़ों की गुणवत्ता में सुधार होगा और परिणाम शीघ्र जारी किए जा सकेंगे।

    बैठक में बताया गया कि जनगणना कार्य में नियुक्त गणनाकर्ताओं और पर्यवेक्षकों को निर्धारित मानदेय प्रदान किया जाएगा तथा उनके लिए प्रशिक्षण व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। जिला, उप-मंडल एवं चार्ज स्तर पर तकनीकी सहायकों और बहु-कार्य सहायक कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि डिजिटल कार्यों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।

    उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसके सफल संचालन के लिए सभी विभागों का आपसी समन्वय आवश्यक है। उपायुक्त डॉ दहिया ने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनगणना 2027 को सफल बनाएंगे।

    बैठक में एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, सीईओ डॉ किरण, निगम संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी, डीआरओ कनब लाकड़ा, पैनलिस्ट विधा सागर, डीडीपीओ राजेश शर्मा के अलावा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments