Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


पुलिस शहीदी दिवस सप्ताह के अंतर्गत जवानों ने राष्ट्रीय शहीदी स्मारक, चाणक्यपुरी (नई दिल्ली) का भ्रमण कर शहीदों को नमन किया

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 25, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 25 अक्तूबर 2025, अमर शहीदों की याद में पुलिस विभाग की ओर से 21 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक पुलिस शहीदी दिवस सप्ताह मनाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर अमर शहीद जवानों को याद कर श्रद्धांजली दी जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को पानीपत पुलिस भलाई शाखा इंचार्ज इंस्पेक्टर नीरज के नेत्रत्व में जिला पुलिस के जवानों के एक दल ने राष्ट्रीय शहीदी स्मारक, चाणक्यपुरी (नई दिल्ली) का भ्रमण किया। यहा जवानों ने देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीद पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

दल के सभी जवानों ने इस दौरान स्मारक में प्रदर्शित पुलिस बलों की वीर गाथाओं, ऐतिहासिक घटनाओं और बलिदानों की जानकारी प्राप्त की। राष्ट्रीय शहीदी स्मारक के भ्रमण से जवानों में अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण, देशभक्ति और सेवा भावना को और अधिक सुदृढ़ करने की प्रेरणा मिली।

जवानों के दल का नेत्रत्व कर रहे भलाई शाखा इंचार्ज इंस्पेक्टर नीरज ने कहा कि पुलिस शहीदी दिवस केवल एक स्मरण दिवस नहीं, बल्कि यह उन सभी शहीदों के अदम्य साहस, त्याग और कर्तव्य निष्ठा को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर किए। इस दौरान सभी अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इंस्पेक्टर नीरज ने बताया कि राष्ट्र की सेवा में शहीद हुए राज्य पुलिस बल और केंद्रीय पुलिस बल के बहादुर सिपाहियों के नाम राष्ट्रीय शहीदी स्मारक में एक केंद्रीय शिल्पाकृति, एक संग्रहालय तथा एक शौर्य दीवार स्थापित है। राष्ट्रीय शहीदी स्मारक के भ्रमण का उद्देश्य जवानों में शहीदों के बलिदान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना व अपने दायित्वों के प्रति और अधिक निष्ठावान बनाना है।

Comments