उपायुक्त सुशील सारवान ने बुनकर केन्द्र का दौरा कर वहां चलाई जा रही योजनाओं का जायजा लिया
BOL PANIPAT , 9 फरवरी। उपायुक्त सुशील सारवान ने गत सांय सांसद संजय भाटिया के सपुत्र चांद भाटिया के साथ स्थानीय बुनकर केन्द्र का दौरा कर वहां चलाई जा रही योजनाओं का जायजा लिया और इसके लिए बुनकर सहायता केन्द्र के उपनिदेशक संजय गुप्ता व उनके स्टाफ की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि पानीपत हैण्डलूम नगरी है इसलिए यहां दक्ष और हुनरमंद कारीगरों की बहुत जरूरत है। बुनकर सहायता केन्द्र के माध्यम से चलाई जाने वाली योजनाएं उन युवाओं के लिए फायदेमंद साबित होगी जो इस क्षेत्र में अपना कैरियर स्थापित करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय और वैश्विक स्तर पर उपयोग की जाने वाली तकनीक इन बुनकर केन्द्र में सिखाई जाती है।
बुनकर केन्द्र के उपनिदेशक संजय गुप्ता ने उपायुक्त सुशील सारवान को जानकारी देते हुए बताया कि आगामी मार्च तक चालू वित्त वर्ष में 150 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ-साथ विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में भी समन्वय स्थापित कर आधुनिक तकनीकों से सम्बंधित प्रशिक्षण दिलाने पर जोर दिया जा रहा है।

Comments