Sunday, June 14, 2026
Newspaper and Magzine


शिक्षित युवा ही विकसित भारत की आधारशिला : उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 14, 2026 Tags: , , , ,

उच्च शिक्षा की ओर बढ़ते कदम, देशबंधु गुप्ता कॉलेज में उमड़े विद्यार्थी

पानीपत में दाखिला प्रक्रिया को लेकर उत्साह, 1572 छात्रों ने कराया पंजीकरण

युवाओं का भरोसा सरकारी शिक्षा संस्थानों पर बढ़ा, प्रवेश प्रक्रिया ने पकड़ी रफ्तार

BOL PANIPAT , 14 जून। “शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य और सशक्त राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों द्वारा प्रवेश के लिए पंजीकरण कराया जाना इस बात का प्रमाण है कि आज का युवा शिक्षा के महत्व को समझते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में गंभीरता से आगे बढ़ रहा है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से आह्वान किया कि वे समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाएं।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षित और कुशल युवा ही आत्मनिर्भर भारत तथा विकसित हरियाणा के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय, सेक्टर-18, पानीपत में स्नातक कक्षाओं के लिए प्रवेश प्रक्रिया निरंतर जारी है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाषचंद्र जागलान तथा दाखिला समिति की संचालक सुमन कंडोल ने बताया कि उच्चतर शिक्षा निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रवेश प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है।
विदित रहे कि
महाविद्यालय में बी.ए. (प्रथम वर्ष) की 400, बी.कॉम. की 160, बी.बी.ए. की 40 तथा बी.सी.ए. की 40 सीटें उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त बी.एस.सी. (नॉन मेडिकल) में 80, बी.एस.सी. (मेडिकल) में 40 तथा बी.एस.सी. रसायन विज्ञान (मुख्य) में 20 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
गौरतलब है कि अब तक कुल 1572 विद्यार्थियों ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इनमें बी.ए. में 744, बी.कॉम. में 262, बी.बी.ए. में 190, बी.सी.ए. में 274, बी.एस.सी. (नॉन मेडिकल) में 69, बी.एस.सी. (मेडिकल) में 116 तथा रसायन विज्ञान में 46 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए महाविद्यालय परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जहां प्रवेश संबंधी सभी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इच्छुक विद्यार्थी महाविद्यालय के पोर्टल अथवा परिसर में पहुंचकर आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपना पंजीकरण सुनिश्चित कर लें।

Comments


Leave a Reply