Tuesday, August 4, 2026
Newspaper and Magzine


श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का वातावरण मिले किए जा रहे हैं ऐसे प्रयास: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 4, 2026 Tags: , , , , , ,

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सख्त, सोनौली व रोहतक मार्ग का गहन निरीक्षण, अधिकारियों ने दिए कड़े निर्देश

कांवडिय़ों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, हर व्यवस्था समय पर पूरी करने के आदेश: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह

ट्रैफिक से लेकर सुरक्षा तक हर मोर्चे पर प्रशासन अलर्ट, व्यवस्थाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

डीसी के निर्देशों पर प्रशासन सडक़ पर, कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने की तैयारी तेज

BOL PANIPAT , 4 अगस्त। कांवड़ यात्रा प्रारंभ हो चुकी है। इस यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, एएसपी हर्षित गोयल तथा ट्रैफिक डीएसपी सुरेश सैनी ने सनौली मार्ग और रोहतक मार्ग का गंभीरता से निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सडक़ की स्थिति, ट्रैफिक प्रबंधन, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा आपातकालीन सेवाओं से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। जहां भी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी मिलेगी, उसे तत्काल दूर किया जाएगा। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।

अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि जिला प्रशासन कांवड़ यात्रा की प्रत्येक व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को जिम्मेदारी के साथ अपना दायित्व निभाने के निर्देश दिए गए हैं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ मैदान में रहेगी।

एएसपी हर्षित गोयल ने कहा कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के प्रत्येक पहलू की गहन समीक्षा की जा रही है। पुलिस टीमों को लगातार गश्त, त्वरित प्रतिक्रिया और आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी के साथ समन्वय बनाकर ऐसी व्यवस्था की जा रही है जिससे कांवडिय़ों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

ट्रैफिक डीएसपी सुरेश सैनी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात संचालन को पूरी तरह व्यवस्थित रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों दोनों की आवाजाही सुरक्षित एवं सुचारू बनी रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं तथा यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Comments


Leave a Reply