टीबी मुक्त भारत बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की आवश्कता : राज्यपाल
जिला प्रशासन ने वर्चुअली रूप से किया प्रतिभाग
BOL PANIPAT ,17 सितंबर। हरियाणा के महामहिम राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन के अवसर पर पंचकुला के सिविल अस्पताल में स्वास्थय विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करते हुए राज्य में टीबी मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की। इसके अन्तर्गत नि – क्षय 2.0 पोर्टल को शुरू किया गया। इस कार्यक्रम में पानीपत लघु सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से जिले के लोग भी जुड़े।
टीबी मुक्त भारत अभियान के शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि नि – क्षय 2.0 का उद्देश्य टीबी मुक्त भारत के लिए जन भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने राज्य के सभी उपायुक्तों व अन्य संबंधित अधिकारियों को वर्चुअल माध्यम से कहा कि स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य संस्थाओं , एन.जी. ओ व अन्य स्टेक होल्डर के साथ मिलकर इस अभियान को एक जन आंदोलन के रूप में तेजी से आगे बढ़ाए । उन्होंने कहा कि 2025 तक भारत को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है इसके लिए सभी लोगों को मिलकर कार्य करना होगा।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने भी आज पंचकूला में टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रदेश में लांचिंग के अवसर पर वर्चुअल जुड़ते हुए अपना संबोधन दिया। अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित जनता दरबार से वर्चुअल जुड़ते हुए विज ने कहा कि डब्ल्यूएचओ ने टीबी मुक्त विश्व बनाने के लिए वर्ष 2030 का लक्ष्य रखा था मगर, हमने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए 2025 का समय तय किया है।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपने भाषण की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि आज हमारे लिए सौभाग्य का दिन है कि आज हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। प्रधानमंत्री मोदी जी एक तपस्वी की तरह भारत माता की दिन-रात सेवा कर रहे हैं। भारत के कोने-कोने हर क्षेत्र वर्ग को ऊंचाईयों तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

जिला में टी.बी. मुक्त अभियान के तहत 100 मरीजों को दी गई न्यूट्रिशन किट
जिला प्रशासन ने भी स्वास्थय विभाग सहित इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। इस अवसर पर जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के टीबी मुक्त भारत के सपने को हम सब ने मिलकर 2025 तक पूरा करना हैं। उन्होंने ज़िले के सभी औद्योगिक तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी इस अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया। टी.बी.उन्मूलन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ.ललित वर्मा ने बताया कि आज जिला में टीबी के 100 मरीजों को न्यूट्रिशन किट भी वितरित की गई हैं। इस मौके पर एडीसी वीना हुड्डा, एसडीएम वीरेंद्र ढुल,सीईओ जिला परिषद विवेक चौधरी, सीटीएम राजेश सोनी, सीएमओ डॉ.जयंत आहूजा इत्यादि उपस्थित रहे।

Comments