आईपीआरईयू द्वारा जारी आंदोलन के संबंध में इंडियनऑयल, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का तथ्यात्मक पक्ष
BOL PANIPAT, 18 जुलाई 2026: 18 जुलाई 2026 को स्थानीय मीडिया के कुछ वर्गों में इंडियन ऑयल पानीपत रिफाइनरी कर्मचारी यूनियन (IPREU) द्वारा रिफाइनरी टाउनशिप के गेट नंबर-2 पर शुरू की गई अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के संबंध में समाचार प्रकाशित किए गए हैं। इस संबंध में सभी हितधारकों की जानकारी के लिए इंडियनऑयल, पानीपत रिफाइनरी निम्नलिखित तथ्य प्रस्तुत करती है।
आईपीआरईयू ने 17 जुलाई 2026 को प्रातः 10:30 बजे रिफाइनरी टाउनशिप के गेट नंबर-2 पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की, जिसमें यूनियन के चार प्रतिनिधि भूख हड़ताल पर बैठे हैं। यह कदम रिफाइनरी प्रबंधन द्वारा बार-बार की गई अपीलों तथा आंदोलन न करने के लिए किए गए लगातार प्रयासों के बावजूद उठाया गया।
यूनियन द्वारा दिए गए हड़ताल नोटिस के संबंध में 8 जुलाई 2026 तथा 17 जुलाई 2026 को सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय), करनाल के समक्ष सुलह बैठक आयोजित की गई। यूनियन की ओर से अध्यक्ष श्री सम्पूरण सिंह एवं महासचिव श्री मनोज कुमार उपस्थित रहे। 17 जुलाई 2026 की कार्यवाही के दौरान सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय), करनाल के निर्देशानुसार रिफाइनरी प्रबंधन ने अपना बिंदुवार उत्तर प्रस्तुत किया, जिसे अभिलेख पर लिया गया तथा उसकी प्रति यूनियन को भी उपलब्ध कराई गई।
यह स्पष्ट किया जाता है कि यूनियन द्वारा उठाए गए मुद्दे उन कुछ सुविधाओं से संबंधित हैं, जो पूर्व में कर्मचारियों को आंतरिक व्यवस्था के तहत दी जाती थीं और जिन्हें पुनः बहाल करने की मांग यूनियन द्वारा की गई है। इसलिए इसे कर्मचारियों को मूलभूत अथवा वैधानिक सुविधाएं न दिए जाने का मामला बताना सही नहीं है।
रिफाइनरी प्रबंधन ने सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय) के समक्ष यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व में दी गई ये सुविधाएं केवल आंतरिक व्यवस्था का हिस्सा थीं तथा औद्योगिक विवाद अधिनियम के अंतर्गत किसी समझौते का हिस्सा नहीं थीं। सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय) ने प्रबंधन को यूनियन की मांगों को उच्च प्रबंधन के समक्ष रखने की सलाह दी है, जिस पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, दोनों पक्षों को औद्योगिक शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा ऐसा कोई कदम न उठाने की सलाह दी गई जिससे शांति एवं सद्भाव प्रभावित हो। इस मामले में अगली संयुक्त बैठक 31 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय), करनाल के समक्ष निर्धारित की गई है।
17 जुलाई 2026 की शाम को भी यूनिट हेड की उपस्थिति में रिफाइनरी प्रबंधन ने यूनियन के साथ विस्तृत चर्चा की तथा एक बार फिर उनसे भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की।
रिफाइनरी प्रबंधन यह पुनः स्पष्ट करना चाहता है कि रिफाइनरी का नियमित संचालन पूरी क्षमता के साथ सामान्य रूप से जारी है। वर्तमान में आंदोलन केवल रिफाइनरी टाउनशिप के गेट नंबर-2 तक सीमित है और इसका संयंत्र संचालन, सुरक्षा अथवा उत्पादों की आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए रिफाइनरी अस्पताल की एक चिकित्सा टीम को आंदोलन स्थल पर 24 घंटे तैनात किया गया है, जो भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है। वर्तमान समय में चारों कर्मचारियों का स्वास्थ्य सामान्य एवं स्थिर बताया गया है।
इंडियनऑयल पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स हमेशा अपने कर्मचारियों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है तथा मान्यता प्राप्त कर्मचारी यूनियन के साथ आपसी विश्वास एवं संवाद की भावना के प्रति प्रतिबद्ध है। प्रबंधन एक बार फिर यूनियन से अपील करता है कि वह भूख हड़ताल समाप्त करे तथा स्थापित द्विपक्षीय एवं सुलह प्रक्रिया के माध्यम से इस विषय का समाधान निकाले।

Comments