आईओसी की पाइप लाइन से तेल चोरी का चौथा आरोपी गिरफ्तार।
BOL PANIPAT : 30 अप्रैल 2025, सीआईए थ्री पुलिस टीम ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की मथुरा-पानीपत पाइप लाइन से तेल चोरी के मामले में फरार चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान हरदीप निवासी सिवाह के रूप में हुई।
सीआईए थ्री प्रभारी इस्पेक्टर विजय ने बताया कि उनकी टीम ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की मथुरा-पानीपत पाइप लाइन से तेल चोरी की वारदात में 5 हजार के इनामी आरोपी संदीप निवासी बोडा बागपत यूपी को बीते शुक्रवार को यूपी के सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने सिवाह निवासी साथी आरोपी हरदीप व मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी इशाक व सुनील के साथ मिलकर पाइप लाइन से तेल चोरी की उक्त वारदतों को अंजाम देने बारे स्वीकारा था। आरोपी संदीप को शनिवार को माननीय न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी संदीप को साथ लेकर संभावित ठीकानों पर दबिश देकर मंगलवार शाम को आरोपी हरदीप को सिवाह गांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी हरदीप ने आरोपी संदीप व पहले गिरफ्तार हो चुके दोनों साथी आरोपियों के साथ मिलकर तेल चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
आरोपी संदीप के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गैस वेल्डिंग, ड्रील मशीन व चोरी किये तेल से भरी प्लास्टिक की 3 कैन (प्रत्येक कैन में 30 लीटर डीजल) बरामद कर आरोपी संदीप को बुधवार को रिमांड अवधी पूरी होने पर व आरोपी हरदीप को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
यह है मामला
थाना समालखा में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन उतरी क्षेत्र पाइप लाइन के वरिष्ठ प्रबंधक हंसराज मीना ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन मथुरा-पानीपत पाइप लाइन विभिन्न गांव से गुजरते हुए पानीपत आईओसीएल में आई हुई है। यह पाइप लाइन नारायणा गांव के खेतों से भी गुजरती है। 14 मई 2024 को नारायणा गांव निवासी किसान राजेश पुत्र पलटू राम ने सुरक्षा सुपरवाईजर पाले राम को बताया कि उनके खेत के पड़ोसी गांव निवासी सुशील उर्फ शीला नंबरदार के गन्ने के खेत में पाइप लाइन के पास डीजल व वाहनों की आवाजाही के निशान मिले है।
सूचना के तुरंत बाद आईओसीएल की संरक्षण टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध जगह की खुदाई करवाई तो पाइप लाइन में वॉल्व लगी मिली। आरोपियों द्वारा पाइप लाइन से तेल चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा था। पाइप लाइन में अत्यधिक ज्वलनशील तेल का बहाव तीव्र गति से होता है। पाइप लाइन के साथ इस तरह की छेड़छाड़ से विस्फोट होने का भी खतरा है। थाना समालखा में वरिष्ठ प्रबंधक हंसराज की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments