उद्योगपतियों की हर समस्या के समाधान के लिए सरकार प्रयासरत: ज्ञानचंद गुप्ता
सरकार ने किसानों को निकाला साहुकारों के चंगुल से: जे.पी. दलाल
BOL PANIPAT , 5 अगस्त। स्थानीय सैक्टर 24 में आयोजित एक कॉनक्लेव में बोलते हुए विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि उद्योगपतियों की हर समस्या को दूर करने के लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत है। उन्होंने शहर के उद्योगपतियों द्वारा एनसीआर की वजह से लगी पाबंदियों पर आवाज उठाने पर कहा कि सरकार इस पर गम्भीर विचार कर रही है और मुख्यमंत्री स्वयं इन समस्याओं को देख रहे हैं, उम्मीद है कि जल्द पानीपत के उद्योगपतियों को इन समस्याओं से निजात मिलेगी। उन्होंने भ्रष्टाचार व बेरोजगारी के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार लगातार विजलेंस के माध्यम से भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में सरकार ने अभी तक एक लाख पक्की नौकरी दी हैं और सरकार महंगाई पर रोकथाम के लिए लगातार सकारात्मक दिशा में प्रयासरत है।
प्रदेश के कृषि मंत्री जे.पी. दलाल ने बोलते हुए कहा कि देश भर में किसानों की आय दोगुनी करने हेतू प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तरह-तरह के प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को केन्द्र व प्रदेश सरकार ने साहुकारों के चंगुल से निकालने का काम किया है। आज तक के इतिहास में किसानों की भलाई के लिए लिए भाजपा सरकार ने ही सबसे ज्यादा नीतियां बनाई है। आज केन्द्र सरकार किसानों को प्रति वर्ष 6 हजार रूपये की राशि सीधी उनके खाते में भेज रही है। उन्होंने कहा कि देश में सबसे अधिक गन्ने का रेट हरियाणा प्रदेश में ही गन्ना किसानों को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को परम्परागत खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि गिरते भू-जल स्तर पर काबू पाया जा सके। इसके अतिरिक्त किसानों को खेती के लिए फव्वारा विधि अपनाने पर 85 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जा रही है।

पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने कॉनक्लेव में बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। पानीपत शहर की सभी कॉलोनियों में आज पीने का पानी, पक्की सडक़ें व सीवरेज सुविधा उपलब्ध हो गई है। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार ने पानीपत शहर के लिए 800 करोड़ रूपये की राशि से बनने वाले रैनुवल प्रोजेक्ट की मंजूरी दी है। रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने उद्योगपतियों से आग्रह करते हुए कहा कि वो भी इस दिशा में सहयोग करें ताकि स्थानीय लोगों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिल सके।

Comments