भव्य होगा गुरू तेग बहादुर का 400वां प्रकाश उत्सव समारोह: सांसद
-तैयारियों को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश
BOL PANIPAT , 7 मार्च। सांसद संजय भाटिया ने गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में प्रस्तावित समारोह की तैयारियों के दृष्टिगत कहा कि व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द अंतिम रूप दें। सांसद संजय भाटिया आज लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
सांसद ने कहा कि गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में पानीपत में होने वाले कार्यक्रम को भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में दूर-दूर से साध संगत शिरकत करेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं में कोई कमी ना रहे। सांसद ने कहा कि कार्यक्रम में पूज्य संतों और अन्य प्रमुख सख्सियतों के मार्ग की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए प्रशासनिक अमले को मुस्तैद करें।
साथ ही साध संगत के कार्यक्रम स्थल तक पंहुचने के रास्तों की व्यवस्थाओं के लिए भी सम्बंधित अधिकारी गति से काम करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर साध संगत के लिए लंगर व पेयजल की व्यवस्थाएं सही हों इसका भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर साध संगत की सम्भावित संख्या को देखते हुए प्रर्याप्त संख्या में शौचालयों की व्यवस्था भी की जाए।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, पंजाबी साहित्य अकादमी हरियाणा के उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह धमीजा, उपायुक्त सुशील सारवान इत्यादि उपस्थित रहे।

Comments