लघु सचिवालय में मनाया गया हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस
BOL PANIPAT, 23 सितम्बर। उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने शनिवार को लघु सचिवालय में हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वीर शहीद रावतुलाराम के चित्र पर पुष्पअर्पित करने के बाद उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश को आजाद करवाने तथा आजादी को कायम रखने के लिए हरियाणा प्रांत के अनेक अमर वीर शहीदों ने हंसते-हंसते अपने प्राणों को न्यौछावर किया है। राव तुलाराम के बलिदान दिवस पर 23 सितम्बर को प्रति वर्ष हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के रूप मनाया जाता है ताकि देश की भावी पीढ़ी तक स्वतंत्रता सेनानियों के संदेश को पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि देश की भलाई के लिए शहीद हुई महान आत्माओं को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके त्याग व बलिदान को ध्यान में रखें और देश भक्ति की सच्ची भावना का परिचय देते हुए मानव जाति की सेवा करें। इसी भावना के बल पर हम विश्व में एक विकसित व महान भारत देश कहलाने का गौरव प्राप्त कर सकते हैं। इस मौके पर जिला परिषद सीईओ विवेक चौधरी, नगराधीश राजेश सोनी, एसडीएम मनदीप सिंह, डीआरओ डॉ. राजकुमार भौरिया, सीएमओ जयंत आहुजा इत्यादि उपस्थित रहें।

Comments