डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल प्रांगण में एनएसएस शिविर का शुभारंभ एवं हवन के माध्यम से दिया नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश
BOL PANIPAT : डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल प्रांगण में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुभारंभ वैदिक परंपराओं के अनुरूप यज्ञ के साथ अत्यंत श्रद्धा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भाव, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों का विकास करना रहा।
इस अवसर पर वैदिक परिवार के विद्वान आचार्य संजीव वेदालंकार ने मुख्यातिथि रूप में शिरकत की एवं डाॅ0 पवन बंसल (अध्यक्ष) , डॉ राजबीर आर्य (सचिव) , सुरेश रावल(सदस्य) सदस्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन संपन्न कराया तथा विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, संस्कारों एवं सामाजिक दायित्वों के महत्व पर प्रेरणादायक संबोधन दिया। उन्होंने बताया कि सेवा, सत्य, संयम और अनुशासन जैसे मूल्य ही एक सशक्त एवं संस्कारित समाज की नींव हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमिता अरोड़ा ने वैदिक परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं तथा एनएसएस के मूल उद्देश्य के प्रति सभी को जागरुक किया और उन्होंने स्वयंसेवकों से शिविर के दौरान समाजोपयोगी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिकता, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।

Comments