Thursday, April 30, 2026
Newspaper and Magzine


प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम जनता, अस्पतालों और आवश्यक सेवाओं को समय पर गैस उपलब्ध हो: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 27, 2026 Tags: , , , , ,

-जिले में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पर सख्ती, प्रशासन ने तय किए स्पष्ट दिशा-निर्देश

-उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक, सभी विभागों को दिए गए ठोस निर्देश

-मेडिकल, शिक्षा व अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए प्राथमिकता से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश

-कालाबाजारी रोकने और तय दरों पर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर

BOL PANIPAT , 27 मार्च। जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देशों के अनुपालन को लेकर जिला सचिवालय में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की 50% आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने की।बैठक में पुलिस अधीक्षक भुपेंद्र सिंह मुख्य चिकित्सा अधिकारी विजय मलिक,जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैस कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले में किसी भी स्थिति में गैस सिलेंडरों की कमी नहीं होनी चाहिए। सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार 50% वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उपायुक्त ने सैल्स अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें और यह सुनिश्चित करें कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर ही सिलेंडर उपलब्ध हों।
उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि “प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम जनता, अस्पतालों और आवश्यक सेवाओं को समय पर गैस उपलब्ध हो। किसी भी प्रकार की लापरवाही या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से पालन करें, ताकि जिले में आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।”
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि मेडिकल संस्थानों में गैस की मांग का समय पर आकलन कर विभाग को सूचित करें, ताकि अस्पतालों में किसी भी प्रकार की बाधा न आए। वहीं, सभी सैल्स अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे गैस एजेंसियों द्वारा की जा रही सप्लाई और स्टोरेज का नियमित ब्यौरा जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करें।
इस दौरान जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) दिव्या ने भी विभागीय स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि सभी गैस एजेंसियों को सरकार के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, “हम लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर ही सिलेंडर मिलें और किसी प्रकार की कृत्रिम कमी उत्पन्न न हो। शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए प्राप्त आवेदनों पर भी प्राथमिकता के आधार पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शादी समारोहों एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए सिलेंडरों की आपूर्ति हेतु प्राप्त आवेदनों का त्वरित निपटान किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में उपायुक्त डॉ दहिया ने साफ किया है कि यदि किसी एजेंसी द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विदित रहे कि बैठक के बाद जिले में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद की जा रही है।

Comments