Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद का प्रभावी माध्यम बना जनता समाधान शिविर उपायुक्त: डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 2, 2026 Tags: , , , , ,

-19 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश, मौके पर अधिकारियों को किया फोन

BOL PANIPAT , 2 मार्च। जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को आयोजित जनता समाधान शिविर में जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। शिविर की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने की। उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता समाधान शिविर केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद का प्रभावी माध्यम है। डॉ. दहिया ने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों की समस्याओं का समाधान पारदर्शी, समयबद्ध और जवाबदेह तरीके से किया जाए। सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि जनता समाधान शिविर का उद्देश्य यही है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। हमने आज 19 शिकायतें प्राप्त की हैं और हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। कई मामलों में अधिकारियों से फोन पर बात कर उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। अगर कहीं भी अनावश्यक देरी पाई गई तो जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का लक्ष्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि उसका वास्तविक समाधान करना है।

  नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी ने कहा कि निगम क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है।

    डीएसपी सतीश वत्स ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर कहा कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी है। शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता बरती जाएगी और आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध की जाएगी।

    ग्रामीण क्षेत्रों से आई शिकायतों पर डीडीपीओ राजेश शर्मा ने संज्ञान लेते हुए कहा कि पंचायत स्तर की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए कि ग्रामीण विकास योजनाओं और स्थानीय विवादों से जुड़े मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में स्वास्थ्य, क्रीड़ा विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, पुलिस विभाग सहित कई अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज की गईं। गौरतलब है कि जनता समाधान शिविर में उपायुक्त द्वारा स्वयं फोन कर अधिकारियों को निर्देश देना प्रशासन की सक्रियता और जवाबदेही को दर्शाता है। शिविर में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखीं और त्वरित सुनवाई से संतोष जताया। कई शिकायतकर्ताओं को मौके पर ही आश्वासन मिला कि निर्धारित समय सीमा के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा।

    इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 19 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें नगर निगम, पुलिस, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों के मामले शामिल रहे। उपायुक्त डॉ दहिया ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि शिविर के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच संवाद निरंतर बना रहना चाहिए। उपायुक्त डॉ दहिया ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए और किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी न होने दी जाए।

जनता समाधान शिविर के माध्यम से उपायुक्त डॉ दहिया ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जन समस्याओं के समाधान में अब देरी या लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। प्रशासन की सक्रियता ने आमजन में विश्वास और पारदर्शिता का संदेश दिया है। प्रार्थी मुंशी ने पानी  का बिल माफ करने का अनुरोध किया और अपनी आर्थिक स्थिति प्रशासन के समक्ष रखी। प्रार्थी मनी देवी ने विधवा पेंशन बनवाने के लिए प्रार्थना की। प्रार्थी यशपाल ने सरकारी अस्पताल की एम्बुलेंस के दुरुपयोग करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

    मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने गांव डाहर में कब्रिस्तान की चारदीवारी करवाने का अनुरोध किया। समुदाय के लोगों ने बताया कि चारदीवारी के अभाव में कब्रों को नुकसान पहुंच रहा है। प्रार्थी निकिता ने दीनदयाल उपाध्याय योजना का लाभ दिलवाने की मांग की। प्रार्थी मंगतराम ने पानी का बिल माफ करवाने के लिए अनुरोध किया। इस अवसर पर डीएचओ संदीप, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता करण बहल, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, डॉक्टर प्रज्ञा ईएसई, एसडीओ कृषि विभाग सुधीर, सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन सुरेंद्र जोगी, कंप्लेंड अधिकारी सुरेश, महेश त्यागी, संजीव शर्मा, जोगिंदर, रमेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने संबंधित शिकायतों की जानकारी मौके पर ही प्राप्त की।

Comments