पीएनबी एमएसएमई एक्सपो में 100 करोड़ से अधिक के ऋण स्वीकृत
ग्रोथ प्लस, जीएसटी एक्सप्रेस और प्राइम प्लस योजनाओं पर विशेष फोकस
डिजिटल बैंकिंग और आसान लोन सुविधा से उद्यमियों को नई ताकत
खादी आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने दी योजनाओं की विस्तृत जानकारी
BOL PANIPAT , 27 अप्रैल। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) द्वारा खादी आश्रम में आयोजित एमएसएमई एक्सपो में 100 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण स्वीकृत किए गए। कार्यक्रम में बैंक की विभिन्न योजनाओं, डिजिटल उत्पादों और आकर्षक ऋण सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया, जिससे छोटे और मध्यम उद्यमियों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेशनल हैंडलूम डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के क्षेत्रीय प्रमुख विपिन सिंह खंडोल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के एक्सपो उद्यमियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहने चाहिए।
प्रधान कार्यालय से आए दिनेश कुमार चौहान ने पीएनबी की एमएसएमई योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएनबी ग्रोथ प्लस, पीएनबी जीएसटी एक्सप्रेस और पीएनबी प्राइम प्लस जैसी योजनाएं कारोबारियों को त्वरित और सरल ऋण उपलब्ध कराने के लिए बनाई गई हैं। इन योजनाओं के तहत कम दस्तावेजीकरण, तेज प्रोसेसिंग और प्रतिस्पर्धी ब्याज दरों का लाभ मिलता है।
मंडल प्रमुख अनुज वर्मा ने कहा कि बैंक ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार नई सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने डिजिटल ऋण सुविधा, पीएनबी वन ऐप, क्रेडिट कार्ड और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
खादी आश्रम की अध्यक्ष निर्मल दत्त ने पीएनबी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बैंक देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने उद्यमियों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
पीएनबी के पीएलपी हेड ललित त्यागी ने कहा कि बैंक हमेशा ग्राहकों की उम्मीदों पर खरा उतरा है और आगे भी आम लोगों को ऋण सुविधाओं में सहयोग देता रहेगा। इस दौरान हार्दिक आनंद सहित पानीपत-सोनीपत क्षेत्र के कई बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बैंक और प्रमुख बिल्डर्स के बीच टाई-अप, डिजिटल बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड और अन्य वित्तीय सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पीएनबी भविष्य में भी ग्राहक सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उद्यमियों को सशक्त बनाने का कार्य जारी रखेगा।

Comments