सकारात्मकता के साथ मीडिया चुनौतियों का सामना कर आगे बढ़ रहा है : उपायुक्त
BOL PANIPAT , 16 नवंबर। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर स्थानीय मीडिया सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि आज के समय में मीडिया के सामने बहुत चुनौतियां है लेकिन सकारात्मकता के साथ मीडिया उन चुनौतियों का सामना कर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने सभी मीडिया कर्मियों को राष्ट्रीय प्रैस दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमें समय के साथ-साथ तकनीक को भी अपनाना चाहिए। आज के समय में जिस तरह से मीडिया नित नए रूप में रिपोर्टिंग कर रहा है उससे उसकी जवाबदेही भी उतनी ज्यादा बनती जा रही है। सभी मीडियाकर्मी भारतीय प्रेस परिषद के तय नियमानुसार कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मीडियाकर्मी विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी जान जोखिम में डालकर पल-पल की खबर जनता तक पहुंचाते हैं। समाज में हमेशा से ही मीडियाकर्मियों के प्रति विशेष आदर व सम्मान रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा वरिष्ठ मीडियाकर्मियों के लिए मासिक पेंशन, जीवन बीमा सहित अन्य सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने कहा कि पानीपत में मीडिया से जुड़े लोग हमेशा जिला प्रशासन का सहयोग करते आए हैं। इससे प्रशासन और मीडिया के सम्बंधों में प्रगाढ़ता आती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन भी मीडिया कर्मियों के हर सुख-दुख में शामिल है।
उन्होंने कहा कि इसमें कोई दोराय नहीं कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा मजबूत स्तम्भ है लेकिन हमें समय के साथ-साथ विश्वनियता भी बरकरार रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के समय में मीडिया बहुत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। इसमें हमें तटस्थता और विश्वनियता बनाए रखनी बहुत जरूरी है।
एसपी लोकेन्द्र सिंह ने कहा कि मीडिया से कुछ ऐसी सूचनाएं पुलिस को पता चलती है जिनका मौके पर त्वरित समाधान करना पड़ता है। पुलिस और मीडिया के समन्वय से ही कई असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाई जाती है। उन्होंने कहा कि समाज में असामाजिक तत्वों को रोकने के लिए मीडिया ने शुरू से ही अपनी भूमिका सकारात्मक निभाई है।
डीआईपीआरओ सुनील कुमार बसताड़ा ने कहा कि सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग की ओर से मीडिया कर्मियों को हमेशा सकारात्मक सेवाएं दी जाती हैं। सरकार की ओर से मीडिया कर्मियों के लिए पेंशन योजना भी शुरू की है। उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे पत्रकारिता की मर्यादा का पालन करते हुए नए आयाम स्थापित करें। उन्होंने सभी मीडिया कर्मियों को राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम का मंचसंचालन एपीआरओ दीपक पाराशर ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार सुरजीत खरब, जग महेंद्र सरोहा, सतीश भारद्वाज, सुरेंद्र सांगवान, राकेश भयाना,प्रवीण ठाकुर, आर्य कॉलेज के सहायक प्रोफेसर दिनेश कुमार, प्रदीप कटारिया, सौरभ शर्मा, चांद मिगलानी इत्यादि ने भी अपने विचार रखें। कार्यक्रम में विभिन्न समाचार पत्रों एवं टीवी चैनलों के विभिन्न पत्रकार भी उपस्थित रहे।

Comments