राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय छाजपुर खुर्द में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया गया
BOL PANIPAT , सनौली : राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय छाजपुर खुर्द में सोमवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का संचालन विज्ञान अध्यापक प्रदीप मलिक एवं विद्यालय मुख्याध्यापिका मंजीत के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न विषयों पर मॉडल तैयार किए गए एवं उनकी प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसके अतिरिक्त विज्ञान से संबंधित भाषण एवं कविता प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
मुस्कान और महक द्वारा बुलबुले मशीन बनाई गई। राखी ने ज्वालामुखी तो पलक ने तीव्र गति पंखे से संबंधित मॉडल प्रदर्शित किया। निक्की, भारती एवं मानसी ने वर्षा जल संग्रहण पर अपना मॉडल तैयार किया। राखी, आशु और स्वाति ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम ,द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर निर्णायक एवं मुख्य अतिथि की भूमिका राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छाजपुर से रसायन विज्ञान प्रवक्ता उषा मलिक एवं पिंकी मलिक ने निभाई। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं विज्ञान से संबंधित आविष्कारों एवं तथ्यों को समझा।
मुख्य अध्यापिका मनजीत ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर भारत के महान वैज्ञानिक सर चंद्रशेखर वेंकटरमन द्वारा प्रतिपादित रमन प्रभाव और उसके प्रयोग के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से बताया और विद्यार्थियों को उनके जीवन का अनुसरण और वैज्ञानिक खोज करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी अध्यापक गण प्रीतम शास्त्री, बंशीलाल मलिक एवं पूनम देवी आदि मौजूद रहें।

Comments