Monday, September 28, 2026
Newspaper and Magzine


सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 28, 2026 Tags: , , , , ,

यातायात नियम तोड़ने वालों पर कसेगा शिकंजा, सुरक्षित होगा पानीपत: पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण

सरकारी अस्पताल में लंबे समय तक प्राइवेट एंबुलेंस खड़ी करने पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन करेगा सूचित तैयार प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों सी एस आर को लेकर

सीसीटीवी, रिफ्लेक्टर और ट्रैफिक प्रवर्तन से सड़क सुरक्षा को मिलेगा नया आयाम

BOL PANIPAT , 28 सितंबर। जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में जिला सडक़ सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन नीति से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा शहर और जिले की सडक़ों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि जो सडक़ दुर्घटनाएं हुई है उनमें ज्यादातर हेलमेट न लगाने और सीट बेल्ट न पहनने के कारण हुई है अगर ट्रैफिक नियमों का पालन किया जाता तो इन हादसों से बचा जा सकता था। प्रशासन प्रतिष्ठित उद्योगपतियों की सूची सीएस आर को लेकर तैयार करेगा ताकि जरूर पढऩे पर सहयोग लिया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि सडक़ सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। इस पर और कार्य किया जा रहा है। सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करें। उपायुक्त डॉ हरीश ने कहा कि जहां सडक़ पर ब्रेकर की आवश्यकता है, वहां नियमानुसार ब्रेकर बनाए जाएं तथा सडक़ों पर सफेद पट्टी और अन्य आवश्यक संकेतक लगाए जाएं।

    पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करना होगा। हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध कटों और यातायात नियमों के उल्लंघन वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि नियम तोडऩे वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

    उपायुक्त डॉ हरीश ने इसराना फ्लाईओवर के प्रारंभिक हिस्से पर यात्रियों के लिए सुरक्षित ठहराव एवं बैठने की उचित व्यवस्था करने के भी  निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी अस्पतालों के आसपास निजी एंबुलेंस के अनधिकृत रूप से खड़े होने पर कार्रवाई करने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए। उपायुक्त ने कहा कि भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि रात के समय उनकी दृश्यता बनी रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। डॉ. वशिष्ठ ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर आवश्यक स्थानों पर सुरक्षा संबंधी इंतजाम करने, क्षतिग्रस्त सडक़ों और गड्ढों की मरम्मत कराने तथा स्कूलों के आसपास बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

  उपायुक्त ने कहा कि जहां ब्रेकर बनाना संभव नहीं है, वहां जेब्रा क्रॉसिंग सहित अन्य यातायात सुरक्षा उपाय किए जाएं। उन्होंने दिल्ली की ओर जाने वाले मार्गों पर किलोमीटर दर्शाने वाले बोर्डों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही औद्योगिक संस्थानों की सूची एवं उनकी सीएसआर गतिविधियों की रिपोर्ट तैयार करने को कहा, ताकि सार्वजनिक हित से जुड़े कार्यों में सीएसआर के माध्यम से सहयोग लिया जा सके।

    उपायुक्त ने कहा कि रोहतक बाईपास से राष्ट्रीय राजमार्ग-709 पर डिवाइडर के बीच के हिस्से को पार्क की तर्ज पर विकसित कर सुंदर बनाया जाएगा। उन्होंने वहां बड़ा तिरंगा लगाने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने कहा कि शहर को गड्ढों, जलभराव, अवैध कट, अनधिकृत पार्किंग और अन्य यातायात संबंधी समस्याओं से मुक्त करने के लिए विभाग गंभीरता से कार्य करें।

    उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सडक़ सुरक्षा केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी संबंधित विभागों और आमजन के सामूहिक प्रयास से ही दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सडक़ों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गड्ढों, जलभराव, अवैध कट, अतिक्रमण और अन्य समस्याओं को चिन्हित कर उनका समाधान कराया जाएगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

    पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने कहा कि सडक़ सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से ओवरलोडिंग, तेज गति, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्य कर रहा है। सीसीटीवी और अन्य तकनीकी माध्यमों का उपयोग करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखी जाएगी, ताकि सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और शहरवासियों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो। बैठक में उपायुक्त ने हिट एंड रन मोटर दुर्घटना मुआवजा मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।    

    उपायुक्त डॉ हरीश ने अधिकारियों से उन अस्पतालों की रिपोर्ट तैयार करने को कहा, जहां पीडि़तों को आयुष्मान योजना के तहत कैशलेस उपचार का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए ऐसे अस्पतालों को पैनल से बाहर करने की प्रक्रिया पर भी विचार किया जा सकता है। बैठक में एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, सीएमओ डॉ. विजय मलिक, आरटीओ डॉ. नीरज जिंदल, संदीप जिंदल, डीएसपी सुरेश सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply