तीज महोत्सव को लेकर अधिकारियों ने सैक्टर 13-17 का दौरा कर जायजा लिया और विचार-विमर्श किया।
BOL PANIPAT , 7 अगस्त। आगामी 19 अगस्त को मनाए जाने वाले राज्य स्तरीय तीज महोत्सव को लेकर उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया, अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्डा, एचएसएलआरएम की सीईओ डॉ अमरिंदर कौर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक चौधरी, नगराधीश राजेश सोनी, डीएसपी सुरेश सैनी सहित विभिन्न सम्बंधित अधिकारियों ने स्थानीय सैक्टर 13-17 का दौरा कर जायजा लिया और विचार-विमर्श किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के ओएसडी पब्लिसिटी गजेन्द्र फोगाट भी उपस्थित रहे। उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि तीज महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरु कर दी गई हैं। यह त्यौहार महिलाओं को समर्पित रहेगा जिसमें सैक्टर 13-17 में करीब 101 झूले लगाए जाएंगे। यही नहीं इस त्यौहार पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों की बिक्री भी होगी। मेला परिसर में करीब 100 स्टॉल भी लगाई जाएंगी। स्वयं सहायता समूह की करीब 20 हजार महिलाएं इस तीज महोत्सव में भाग ले रही हैं। अन्य जिलों से भी महिलाएं इस कार्यक्रम में पधारेंगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के लिए फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा। यही नहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 50 फिट चौड़ी और 40 फिट लम्बा मंच भी तैयार किया जाएगा। अतिविशिष्ठï व्यक्तियों के लिए अलग मंच की व्यवस्था रहेगी।
डीसी वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि इस कार्यक्रम में सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग की ओर से प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग की ओर से महिलाओं के लिए हैल्थ चेकअप कैम्प भी लगाया जाएगा। कार्यक्रम को तीज का माहौल प्रदान करने के लिए झूलों के साथ-साथ महिलाएं हरियाणवी वेशभूषा में भी नजर आएंगी। उपायुक्त वीरेन्द्र कुमार दहिया ने इससे पूर्व उक्त सभी के साथ लघु सचिवालय के सभागार में बैठक कर इस पर विस्तृत रूप से चर्चा भी की।

Comments