राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी करेंगे देश के युवाओं से संवाद, पानीपत में तीन स्थानों पर होगा खेलो इंडिया संवाद का लाइव टेलीकास्ट: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नई दिशा का मंच, देश के युवा प्रधानमंत्री से करेंगे वर्चुअल संवाद
खेल, युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण पर होगा मंथन, 27 अगस्त को प्रधानमंत्री से जुड़ेंगे जिले के युवा
युवाओं की आकांक्षाओं को मिलेगी आवाज, खेलो इंडिया संवाद में प्रधानमंत्री से संवाद का अवसर
BOL PANIPAT , 25 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (माई भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त को गीता यूनिवर्सिटी, नौलथा, पानीपत, गवर्नमेंट कॉलेज पानीपत एवं गवर्नमेंट कॉलेज इसराना में किया जाएगा। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान देशभर के युवाओं को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद करने का अवसर मिलेगा।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि इस अवसर पर युवाओं को खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, खेल पारिस्थितिकी तंत्र के विकास तथा देश में पिछले वर्षों में विकसित खेल अधोसंरचना एवं खेल प्रतिभाओं से संबंधित विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव साझा करने का अवसर प्राप्त होगा। उपायुक्त ने बताया कि खेलो इंडिया संवाद युवाओं को खेलों से जोडऩे के साथ-साथ उनकी प्रतिभा, विचारों और आकांक्षाओं को प्रभावी मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया संवाद के तहत युवाओं को स्थानीय खिलाडिय़ों एवं खेल प्रतिभाओं के साथ सीधे संवाद करने का अवसर भी मिलेगा। इस दौरान युवा खिलाड़ी अपने अनुभव, खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों तथा देश में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र एवं अधोसंरचना से संबंधित विषयों पर चर्चा करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान युवाओं को खेल, युवा नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण से जोडऩे के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। युवाओं से उनके विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं प्राप्त की जाएंगी तथा उन्हें मेरा युवा भारत पोर्टल पर उपलब्ध सुझाव पेटिका के माध्यम से ऑनलाइन साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि युवाओं के सुझावों को कार्यक्रम के उद्देश्यों से जोड़ते हुए उनकी सहभागिता को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक तथा स्थानीय युवा सक्रिय रूप से भाग लेंगे। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि कार्यक्रम युवाओं में खेल भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।

Comments