Thursday, July 16, 2026
Newspaper and Magzine


मतदाता सूची को पूर्णत: शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना हमारा लक्ष्य: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 16, 2026 Tags: , , , , , ,

3 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को मिली नई समय सीमा

निर्वाचन आयोग ने जारी किया संशोधित कार्यक्रम

त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम, दावे एवं आपत्तियों के लिए बढ़ा समय

निर्वाचन आयोग के निर्देशों का होगा शत-प्रतिशत पालन

BOL PANIPAT , 16 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग ने 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के 14 जुलाई के पत्र के अनुसार मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की नई समय-सारिणी निर्धारित की गई है। इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा ने सभी जिलों को संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर सत्यापन का कार्य अब 24 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 24 जुलाई तक ही मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनव्र्यवस्थापन पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 31 जुलाई को होगा। इसके उपरांत 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 31 जुलाई से 28 सितंबर तक किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाना है। उपायुक्त ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब मतदाताओं को अपने नाम जुड़वाने, हटवाने, संशोधित कराने अथवा अन्य आवश्यक परिवर्तन करवाने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध रहेगा। जिला प्रशासन भी इस पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है।

  उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का जिले में पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा, मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें शामिल होना अत्यंत आवश्यक है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से सम्पन्न हो। सभी बूथ स्तरीय अधिकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य पूरा करेंगे। जिन मतदाताओं के नाम में किसी प्रकार की त्रुटि है अथवा जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, वे संशोधित कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित अवधि में दावा एवं आपत्ति अवश्य प्रस्तुत करें। हमारा लक्ष्य पानीपत जिले की मतदाता सूची को पूर्णत: शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का निर्बाध रूप से प्रयोग कर सके।

उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे बूथ स्तरीय अधिकारियों का सहयोग करें, अपने मतदाता विवरण का सत्यापन कराएं तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा का लाभ उठाकर मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन अवश्य करवाएं। इससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनेगी।

Comments


Leave a Reply