आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर सहित पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद : पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस
दशहरा कमेटियों के प्रधानों के साथ की बैठक, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर लिए सुझाव
20 अक्तूबर को धूमधाम से मनाया जाएगा दशहरा पर्व
BOL PANIPAT , 07 अक्तूबर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न करवाने के मद्देनजर जिला पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेधा भूषण आईपीएस ने बुधवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में शहर की दशहरा कमेटियों के प्रधानों व सदस्यों के साथ बैठक कर आगामी दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में डीएसपी यातायात सुरेश कुमार सैनी भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस ने बैठक के दौरान दशहरा कमेटियों के प्रधानों से कार्यक्रमों के आयोजन, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, जुलूस के मार्ग तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव लिए।
उन्होंने कहा कि 20 अक्तूबर को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसके चलते शहर सहित पूरे जिले में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस द्वारा सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी तथा यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।
उन्होंने दशहरा कमेटियों के पदाधिकारियों से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा आयोजन के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आयोजक एवं डीजे संचालक डीजे बजाने के संबंध में निर्धारित नियमों एवं ध्वनि सीमा का पालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में न किया जाए और डीजे का संचालन निर्धारित समय एवं तय मानकों के अनुसार ही किया जाए।
बैठक में मौजूद दशहरा कमेटी के प्रधानों व सदस्यों न केवल सुझाव दिए बल्कि पुलिस के साथ बेहतर सुरक्षा व्यवस्था बनाने के हर संभव प्रयास में सहभागी बनने का आश्वासन भी दिया।
बैठक में दशहरा कमेटी रजि सनौली रोड सेक्टर 25 से प्रधान रमेश माटा, डॉ रमेश चुघ, सचिव अमित तनेजा, हिमांशु बांगा, देवी मंदिर श्रीराम लीला कमेट से प्रधान आदर्श गुप्ता, काकू बंसल,नवल जिंदल,वीरेंद्र बंसल, दशहरा कमेटी मॉडल टाउन से प्रधान तरुण गांधी, कृष्णा कृष्णा क्लब श्रीराम दशहरा कमेटी सेक्टर 24 से वीरेंद्र गुप्ता, महेश नारंग, अजय सिंगला व श्री राम दशहरा कमेटी सेक्टर 13/17 से प्रधान भीम सचदेवा,भूषण मदान,गौरव चोपड़ा,सुभाष भट्ठला मौजूद रहें।
जिला पुलिस द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Comments