जनता की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
जनता समाधान शिविर में उपायुक्त ने सुनीं 10 शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें अधिकारी
नशे के कारोबार पर लगाएंगे अंकुश: ए.एस.पी हर्षित गोयल
BOL PANIPAT , 7 सितंबर। हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। पात्र व्यक्ति सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा आयोजित जनता समाधान शिविर का लाभ उठाएं। यह बात उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को आयोजित जनता समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 10 शिकायतों की सुनवाई करते हुए कही।
उपायुक्त डॉ हरीश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि आमजन को राहत पहुंचाना है। पात्र व्यक्ति को सरकारी योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और संबंधित विभाग शिकायतकर्ता से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई पूरी करें।
एडीसी अंकित चौकसे ने कहा कि जनता की शिकायतों का समाधान प्रशासन की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उसकी वास्तविक स्थिति की जांच की जाए और पात्र व्यक्ति को नियमानुसार राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का दायित्व है कि शिकायतकर्ता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायत के समाधान के संबंध में संबंधित व्यक्ति को भी अवगत करवाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए उनके निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
ए.एस.पी हर्षित गोयल ने कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कानून के दायरे में उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए आमजन का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जनता समाधान शिविर में प्रार्थी सतीश ने इंतकाल दर्ज करवाने का अनुरोध किया। प्रार्थी कुमारी रंजीता कौशिक ने लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ दिलवाने तथा एक विधवा की पेंशन बनवाने का अनुरोध रखा। प्रार्थी राहुल ने दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने की मांग की। वहीं प्रार्थी यशपाल ने नशे का व्यापार करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार, सीईओ डॉ. किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीईओ राकेश बूरा, डीएचओ संदीप, डॉ. ललित वर्मा, डॉ. प्रज्ञा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments