लंबित शिकायतें न रहें इसका विशेष ध्यान दिया जाए ताकि आमजन को राहत मिले : डीसी डॉ विरेंदर कुमार दहिया
BOL PANIPAT : 1 मई। डीसी डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि समाधान शिविर के तहत हर सप्ताह आने वाली शिकायतों के निपटान हेतु बनाये गए समाधान प्रकोष्ठ पर अपलोड होने वाली शिकायतों का स्थाई निवारण करने में सभी विभागाध्यक्ष सजगता बरतें। लंबित शिकायतें न रहें इसका विशेष ध्यान दिया जाए ताकि आमजन को राहत मिले।
वे शुक्रवार को लघु सचिवालय पानीपत सभागार में समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों की समीक्षा बैठक ले रहे थे। बैठक से पहले हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार ने प्रदेश के सभी उपायुक्त के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीसी डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने बैठक में विभाग स्तर पर अपडेट रिपोर्ट लेते हुए सभी सम्बन्धित अधिकारियों को हरियाणा सरकार की इस सार्थक पहल में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया ताकि जनसेवा की दिशा में शासन-प्रशासन की उल्लेखनीय भागीदारी रहे।
डीसी ने अधिकारियों को कहा कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों का निवारण तय समय सीमा में करवाते हुए सभी विभागाध्यक्ष समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर सुनिश्चित करने में सक्रियता बरतें। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की शिकायतें लंबित हैं उनका शीघ्र समाधान करें। इसके अलावा अधिकारी समाधान शिविर के पोर्टल की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए अपने-अपने विभागों से संबंधित शिकायतों का निवारण करते हुए पोर्टल पर दुरुस्त अवश्य करें। बैठक में एडीसी अंकित चौकसे, निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, जिला परिषद की सीईओ डॉ किरण सिंह, एसडीएम मनदीप कुमार सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Comments