Thursday, June 25, 2026
Newspaper and Magzine


मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 23, 2026 Tags: , , , , , ,

विशेष गहन पुनरीक्षण में तेजी लाने के निर्देश, जिले में  2 बजे तक 79.68 प्रतिशत मतदाता गणना प्रपत्र वितरित

उपायुक्त डॉ. हरीश ने अधिकारियों को दिया लक्ष्य पूरा करने का मंत्र, बीएलओ-सुपरवाइजर की रोजाना समीक्षा होगी

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को मिलेगी रफ्तार, चारों विधानसभा क्षेत्रों की प्रगति पर हुई गहन समीक्षा

लोकतंत्र के महाअभियान में पानीपत को गति देने पर जोर, अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश

BOL PANIPAT , 23 जून। जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान को और अधिक प्रभावी एवं गति प्रदान करने के उद्देश्य से उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश ने मंगलवार को जिला सचिवालय सभागार में संबंधित कई विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का विस्तार से आकलन किया गया तथा अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा करने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त डॉ. हरीश ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा सूची को त्रुटिरहित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और सुपरवाइजरों के साथ नियमित रूप से बैठकें आयोजित करें तथा उन्हें प्रतिदिन कार्य की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं।

उपायुक्त ने कहा कि फील्ड स्तर पर कार्य कर रहे बीएलओ और सुपरवाइजर ही इस अभियान की रीढ़ हैं। इसलिए उनके समन्वय, मार्गदर्शन और निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और कार्य में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण की स्थिति की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शेष बचे हुए प्रपत्रों का वितरण शीघ्र पूरा किया जाए और अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क गतिविधियां संचालित की जाएं।

जारी ताजा प्रगति रिपोर्ट के अनुसार पानीपत जिले में कुल 9 लाख 66 हजार 687 मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र वितरित किए जाने हैं। इनमें से 7 लाख 70 हजार 213 प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 79.68 प्रतिशत है। जिले में इस कार्य के लिए 912 बीएलओ तैनात किए गए हैं। हालांकि जिला में अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है, लेकिन जिला प्रशासन ने शेष प्रपत्रों के वितरण में और तेजी लाने का निर्णय लिया है ताकि निर्धारित समय में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण और अद्यतन लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे बीएलओ का सहयोग करें तथा आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध करवाकर इस अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। बैठक में एडीसी अंकित चौकसे, एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, तहसीलदार निर्वाचन सुरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अभियान को गति देने तथा निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने का उपायुक्त को भरोसा दिलाया।

Comments


Leave a Reply