विशेष पुनरीक्षण अभियान में तेजी, कोई भी पात्र मतदाता न छूटे: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
30 अगस्त तक दावे-आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर
विशेष अभियान तिथियों पर बूथों पर मिलेंगी सभी सुविधाएं
सभी पॉलिटिकल पार्टियों को ड्राफ्ट रोल वितरित किए
पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची हमारा लक्ष्य, सभी मिलकर सफल बनाएं विशेष पुनरीक्षण अभियान
BOL PANIPAT , 3 अगस्त। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सचिवालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026) को लेकर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए राजनीतिक दलों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया गया।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा अपात्र नामों का नियमानुसार निष्पादन किया जा सके। उन्होंने कहा कि बीएलओ की सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची को और अधिक सटीक एवं विश्वसनीय बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोडऩे, हटाने अथवा संशोधन संबंधी दावे एवं आपत्तियां 30 अगस्त 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके अलावा 8 व 9 अगस्त तथा 22 व 23 अगस्त को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन तिथियों पर सभी बूथ लेवल अधिकारी संबंधित मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त करेंगे। डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से ड्राफ्ट मतदाता सूची का सेट जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त करने तथा अभियान के दौरान निर्वाचन विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है और इसमें प्रशासन के साथ-साथ राजनीतिक दलों तथा आम नागरिकों की सहभागिता भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। बैठक में निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने विशेष पुनरीक्षण अभियान की वर्तमान स्थिति से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया तथा अभियान से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने बताया कि 8 और 9 अगस्त को स्पेशल अभियान चलाया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन बनाना है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी कार्य समयबद्ध तरीके से किए जा रहे हैं और प्रत्येक स्तर पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार, समालखा एसडीएम अमित कुमार, इसराना एसडीएम नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, निर्वाचन तहसीलदार सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।

Comments