Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


19वीं सर्कल नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता के लिए राज्य स्तरीय चयन ट्रायल 05 जनवरी को पानीपत के गांव सुताना में आयोजित

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at January 2, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 2 जनवरी। हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री एवं हरियाणा एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 19वीं सर्कल नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला वर्ग) का आयोजन श्री गुरुद्वारा साहिब, बाजपुर, नैनीताल (उत्तराखंड) में 10 जनवरी 2026 से 12 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेंगी।

उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हरियाणा राज्य की पुरुष एवं महिला कबड्डी टीमों के चयन हेतु राज्य स्तरीय ट्रायल का आयोजन 05 जनवरी 2026 को गांव सुताना (मतलौडा), जिला पानीपत में किया जाएगा। ट्रायल के दौरान खिलाडिय़ों की शारीरिक क्षमता, कौशल, तकनीक एवं प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति द्वारा खिलाडिय़ों का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूर्णत: पारदर्शी, निष्पक्ष एवं मेरिट के आधार पर होगी।

उन्होंने आगे जानकारी देते हुए कहा कि हरियाणा आज खेलों के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार खिलाडिय़ों के लिए बेहतरीन खेल नीतियां लागू कर रही है। खेल नर्सरी, खेल अकादमियां, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, आधुनिक स्टेडियम और जिम्नेजियम का तेजी से निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने वाले खिलाडिय़ों को नकद पुरस्कार, सरकारी नौकरी, खेल कोटे में भर्ती, छात्रवृत्ति, स्पोर्ट्स किट और उन्नत प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी का परिणाम है कि ओलंपिक, एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कबड्डी हरियाणा की धरोहर और परंपरागत खेल है। गांव-गांव में कबड्डी के अखाड़ों और मैदानों का विकास किया जा रहा है ताकि ग्रामीण प्रतिभाएं उभरकर सामने आ सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में हरियाणा के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Comments