प्रशासन जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया
जनता समाधान शिविर में 21 शिकायतें प्राप्त, अधिकारियों ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
शिविर में हो रहा आम जन की शिकायतों का समाधान
BOL PANIPAT , 16 अप्रैल। जिला सचिवालय सभागार में गुरुवार को आयोजित जनता समाधान शिविर के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रशासन सक्रिय भूमिका निभा रहा है। शिविर में उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने स्वयं उपस्थित होकर लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उसका शीघ्र और प्रभावी समाधान किया जाए। उन्होंने बताया कि शिविर में कुल 21 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकतर समस्याएं फैमिली आईडी में संशोधन, बिजली विभाग मूलभूत सुविधाओं और सरकारी सेवाओं से जुड़ी थीं। इन पर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त डॉ दहिया ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं देने के लिए लगातार प्रयासरत है।
एडीसी अंकित चौकसे ने कहा कि जनता समाधान शिविर प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर शिकायतों का तेजी से निपटारा किया जा रहा है।
एसडीएम मनदीप ने बताया कि राजस्व और प्रशासनिक मामलों से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जा रहा है, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सीईओ डॉ. किरण ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी ने बताया कि शहर में सफाई, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और प्रदूषण से संबंधित समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस उप अधीक्षक सतीश वत्स ने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी डर के अपनी समस्याएं सामने रखें, हर शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। डीडीपीओ राजेश शर्मा ने बताया कि पंचायत स्तर पर स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे और शिविर के सफल संचालन में अपना योगदान दिया।

Comments