गांधी ग्लोबल फैमिली और निर्मला देशपांडे संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में मनाई गई निर्मला देशपांडे व राममोहन राय की जयंती
BOL PANIPAT : गांधी ग्लोबल फैमिली एवं निर्मला देशपांडे संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में महान सर्वोदय नेत्री, पद्म विभूषण स्व. निर्मला देशपांडे (ताई) और उनके प्रखर सहयोगी व गांधीवादी विचारक राममोहन राय का जन्मदिन अत्यंत श्रद्धा, गरिमा और उत्साहपूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर स्कूल परिसर में एक भव्य एवं पवित्र कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक रीति से हवन-पूजन के साथ हुई, जिसमें सर्वधर्म सद्भाव, विश्व शांति, मानव कल्याण और राममोहन राय के सुदीर्घ व स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए आहुतियाँ दी गईं। हवन यज्ञ संपन्न होने के उपरांत उपस्थित सभी अध्यापकों, गणमान्य नागरिकों, अतिथियों एवं विद्यार्थियों के लिए लंगर (प्रसाद) की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता पूजा सैनी ने निर्मला देशपांडे जी के जीवन-दर्शन, सर्वोदय यात्रा और सामाजिक योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि निर्मला देशपांडे जी आचार्य विनोबा भावे की “मानस पुत्री” थीं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन गांधीवादी मूल्यों, अहिंसा और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने विनोबा भावे जी के साथ लगभग 40,000 किलोमीटर की पैदल यात्रा (पदयात्रा) करके गाँव-गाँव तक भूदान आंदोलन का संदेश पहुँचाया और देश के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाने का कार्य किया।
पूजा सैनी ने आगे कहा कि ताई जी ने पंजाब और कश्मीर के कठिन दौर में भी शांति, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय अखंडता को बनाए रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। समाज सेवा, शांति स्थापना और भारत-पाक जन-संबंधों में उनके अद्वितीय योगदान के लिए उन्हें भारत सरकार द्वारा ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया गया था। इसके साथ ही, समाज सेवा और गांधीवादी सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने में श्री राममोहन राय जी के निरंतर प्रयासों और महत्वपूर्ण योगदान को भी याद किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्व. निर्मला देशपांडे के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया और दोनों महान विभूतियों के दिखाए सत्य, अहिंसा, करुणा और निष्काम सेवा के मार्ग पर चलने का दृढ़ संकल्प लिया।
इस अवसर पर सर्व मधु यादव, श्रुति जैन, सोनी यादव, सोनी कुमारी, डोली अवस्थी, ममता आदि सभी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

Comments