Thursday, June 4, 2026
Newspaper and Magzine


प्रशासन की मंशा : जनता को मिले हर स्तर पर राहत : एसडीएम मनदीप कुमार

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 27, 2025 Tags: , , , , ,

-जनता की आवाज़ सुनने और त्वरित समाधान करने का सशक्त माध्यम है शिविर: डॉ. संजय

-हर शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाएगा: नगराधीश टीनू पोसवाल

-पुलिस से जुड़ी हर समस्या का समाधान समय पर करना हमारा नैतिक दायित्व: डीएसपी सतीश वत्स

BOL PANIPAT , 27 अक्टूबर। मुख्यमंत्री नायब सिंह के निर्देश और उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया के मार्गदर्शन में जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को आयोजित किया गया जनता समाधान शिविर आम नागरिकों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है। शिविर में पहुंचे नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि हर समस्या का समाधान त्वरित रूप से किया जाएगा और किसी भी शिकायत को अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा।

    एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि प्रशासन की मंशा है कि जनता को हर स्तर पर राहत मिले। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में देरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी कम से कम समय में अधिकतम शिकायतों का समाधान करें, ताकि जनता का भरोसा प्रशासन पर और मजबूत हो।

  नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि यह शिविर केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनता की आवाज़ को सुनने और उसका त्वरित समाधान करने का एक सशक्त माध्यम है। हमारा लक्ष्य है कि नागरिकों को उनके अधिकारों का लाभ समय पर मिले।

  नगराधीश टीनू पोसवाल ने कहा कि शिविर में दर्ज हर शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाएगा। प्रत्येक नागरिक को यह विश्वास होना चाहिए कि उसकी समस्या सुनी जाएगी और सुलझाई जा रही है।

    डीएसपी सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस विभाग जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। पुलिस से जुड़ी हर समस्या का समाधान समय पर करना हमारा नैतिक दायित्व है।शिविर में कुल 58 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से कई का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए।

    शिविर में ज्यादातर शिकायतें फैमिली आईडी, पुलिस विभाग , पंचायत विभाग व पैंशन विभाग से संबंधित उपलब्ध हुई। शिविर में प्रार्थी बलराज सिंह ने बिजली का खंभा कटवाने का अनुरोध किया, वहीं सत्यवान (बुआना लाखु) ने महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत मिली प्लॉट की रजिस्ट्री करवाने की मांग रखी।

पूजा (जोरासी) ने प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किस्त दिलवाने की प्रार्थना की। नौशाद ने कब्रिस्तान भूमि की चारदीवारी का कार्य शुरू करवाने की मांग रखी। यशपाल ने थाना मॉडल टाउन क्षेत्र में थाने के लिए अलग स्थान उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।

बिमला (झटीपुर) और रघुवीर ने गली और प्लॉट पर हुए अवैध कब्जे हटवाने की गुहार लगाई। इस अवसर पर डीएचओ शार्दुल शंकर, एसडीओ सूबे सिंह, एसडीओ कृषि डॉ. राजेश भारद्वाज, पुलिस कंप्लेंट अधिकारी नीरज, कंप्लेंट नोडल अधिकारी संजीव शर्मा, जोगिंदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। शिविर के अंत में एसडीएम ने कहा कि जनता समाधान शिविर शिविर नियमित रूप से जारी रहेंगे  ताकि शासन-प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद कायम रहे।

Comments