गांव-गांव लहराएगा तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगेगा पूरा जिला : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का आगाज, 17 अगस्त तक होंगे राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम
तिरंगा को लेकर जन भागीदारी जरूरी
तिरंगा यात्रा जा रही निकली
BOL PANIPAT , 10 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान-2026 को लेकर उपायुक्त डॉक्टर हरीश कुमार वशिष्ठ ने सोमवार को संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे इस राष्ट्रव्यापी अभियान को ‘150 ईयर्स ऑफ वंदे मातरम’ की राष्ट्रीय थीम के साथ व्यापक जनभागीदारी के रूप में मनाया जा रहा है।
उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करना है। इसके लिए ग्राम पंचायत, खंड और जिला स्तर पर विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न खंड मुख्यालयों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों में तिरंगा एवं वंदे मातरम प्रदर्शनियां लगाई जा रही हैं। इनमें भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की सामग्री के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित किया जा रहा है। विद्यार्थियों द्वारा ‘स्टूडेंट लेड वॉक’ के माध्यम से लोगों को देश के स्वतंत्रता आंदोलन और तिरंगे की गौरवगाथा से परिचित कराया जाएगा।
सीईओ जिला परिषद डॉ किरण ने बताया कि
अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों और खंड स्तर पर तिरंगा बाइक, साइकिल और ई-बाइक रैलियों का भी आयोजन किया जा रहा है। ये रैलियां ऐतिहासिक धरोहरों, स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारकों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों से होकर गुजरेंगी। इन आयोजनों के माध्यम से आमजन में राष्ट्रध्वज के प्रति गर्व, सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में त्रिआयामी तिरंगा सजावट और विशेष रोशनी भी की जा रही है। गांवों के सरकारी भवनों, विद्यालयों, अस्पतालों, पंचायत घरों, बस अड्डों और प्रमुख चौराहों को केसरिया, सफेद और हरे रंग की दूधिया रोशनी से सजाया जा रहा है। इससे ग्रामीण अंचल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आएंगे।
उन्होंने बताया कि उपायुक्त के मार्गदर्शन में सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्राथमिक उपचार तथा यातायात को निर्बाध बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग लिया जा रहा है, ताकि सभी कार्यक्रम सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।
उन्होंने जिले के नागरिकों, युवाओं, ग्राम पंचायतों और सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को जन-जन का अभियान बनाते हुए इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी करें।
उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने नागरिकों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।
इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

Comments